पूर्णरूप से लागू हो बाल शिक्षा अधिकार अधिनियम
अंबेडकरनगर : आम आदमी पार्टी जिला इकाई ने गुरुवार को कलेक्ट्रेट के निकट डॉ. अंबेडकर प्रतिमा के पास एकदिवसीय धरना देकर प्रदर्शन किया। आंदोलित कार्यकर्ताओं ने निश्शुल्क और अनिवार्य बाल शिक्षा का अधिकार अधिनियम को प्रदेश में पूर्ण रूप से लागू करने की मांग किया।
प्रदर्शन की अगुआई कर रहे जिला संयोजक विक्रम यादव ने कहा कि संविधान से शिक्षा का अधिकार के हिसाब से 14 वर्ष की उम्र तक के सभी बच्चों को मुफ्त शिक्षा का हक है। लेकिन इसकी धज्जियां उड़ाते हुए शिक्षा को धंधा बनाकर बाजार में बेचने का काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि देश के करीब 10 करोड़ गरीब बच्चे स्कूलों का मुंह नहीं देख पा रहे हैं। जिला सचिव रमेश कुमार ने कहा कि प्रदेश में हालात सबसे ज्यादा खराब है। सरकारी स्कूलों में या तो शिक्षक नहीं हैं या भवन जर्जर है। न शौचालय है और न ही पीने का पानी उपलब्ध है। शिक्षा के नाम पर आने वाला धन भ्रष्टाचार में जा रहा है। शिक्षा के अधिकार का कानून ईमानदारी से लागू हो तो मुफ्त बाल शिक्षा का यह कानून देश में बड़े बदलाव ला सकता है। प्रदर्शन में कोषाध्यक्ष काली सहाय, ईश्वरचंद्र, विकास दुबे, दिलावर हुसैन, यादराम गुप्त, वीरेंद्र गुप्त, कासिम अब्बास, बृजेश यादव व बसंतराम आदि मौजूद थे।