शिवभक्तों का जत्था बैजनाथ धाम रवाना
अंबेडकरनगर : सावन मास में जलाभिषेक के लिए नित्य शिवभक्तों का जत्था पवित्र नदियों से जल लेने रवाना हो रहा है। ऐसे में बाबा भोले के जयकार से वातावरण भक्तिमय हो गया है। बोल बम कांवड़िया संघ अरिया बाजार के शिवभक्त बुधवार को अकबरपुर रेलवे स्टेशन से बैजनाथ धाम (देवघर) के लिए रवाना हुए। जत्थे का नेतृत्व कर रहे संघ अध्यक्ष रमेशचंद्र कसौधन ने बताया कि संघ के सदस्य गत कई वर्षो से कावड़ उठाते चले आ रहे हैं। झारखंड सुल्तानगंज स्थित गंगा नदी से जल उठाकर वहां से लगभग 200 किलोमीटर पैदल चलकर बैजनाथ धाम पर जलाभिषेक करेंगे। जत्थे में अनिल, योगेंद्र, जवाहरलाल, राजकुमार, अशोक, बृजेश, रघुनाथ, कौशर आदि शामिल रहे।
टांडा संवादसूत्र के मुताबिक पवित्र सावन मास में नगर के शिव मंदिरों, शिवालयों में श्रद्धालु भक्त भगवान भोले की पूजा-अर्चना, जलाभिषेक कर रहे हैं। नाग पंचमी के पूर्व कावंड़ियों का नगर में आगमन शुरू हो गया है। नगर के धार्मिक संस्था झारखंड महादेव कांवड़िया सेवा मंडल ठहराव, भोजन, चिकित्सा आदि का प्रबंध झारखंड महादेव मंदिर पर शिविर लगाकर करती है। सेवा मंडल अध्यक्ष सूर्यजीत वर्मा, महामंत्री दिनेश मौर्य ने बताया कि कांवड़ियों के लिए भोजन, चिकित्सा, ठहराव आदि के लिए विशेष तैयारियां शुरू कर दी गई। नगर के शांति व्यवस्था के लिए पुलिस ने भी तैयारी शुरू कर दी है। सीओ बीआर सरोज ने बताया कि रमजान माह व सावन मास के साथ होने के कारण सुरक्षा के विशेष प्रबंध किया जा रहा है। एसडीएम सोमदत्त मौर्य ने मार्गो को गढ्डामुक्त किए जाने के लिए लोक निर्माण विभाग को पत्र लिखा है।