भूमि विवाद में बम से हमला, दो घायल
अंबेडकरनगर : कोतवाली अकबरपुर क्षेत्र में भूमि विवाद में एक पक्ष ने बम से हमला कर दिया। जिससे दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। एक घायल को उपचार के लिए जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है।
घटना उक्त थाना क्षेत्र के लोरपुर गांव की है। गांव के बंजारा टोला बस्ती निवासी दरगाही व जुम्मन अपने भूखंडों पर दीवार का निर्माण करा रहे थे। इसी बीच अनवर के हैंडपंप को हटाने के विवाद में कहासुनी से शुरू हुआ विवाद मारपीट में तब्दील हो गया। दोनों पक्षों में जमकर लाठियां चलीं। मारपीट के दौरान दोनों पक्षों ने एक दूसरे की निर्माणाधीन दीवार ढहा दी। इसी बीच दरगाही पक्ष के लोगों ने दूसरे पक्ष पर बम फेंक दिया। जिससे लच्छी व अनवर पुत्रगण जुम्मन गंभीर रूप से घायल हो गए। इसके बाद हमलावर भाग निकले। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल अनवर को गंभीरावस्था में जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया। जबकि घायल लच्छी उपचार के लिए लखनऊ चला गया। पुलिस ने घायल पक्ष से सुनहले की तहरीर पर इबरार व इसरार पुत्रगण दरगाही, दरगाही पुत्र बेउड़ी एवं सज्जाद पुत्र बुलाकी के विरुद्ध नामजद मुकदमा दर्ज किया है। हालांकि पुलिस किसी आरोपी को गिरफ्तार नहीं कर सकी है। प्रभारी कोतवाल शिवकुमार मिश्र ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।