पेयजल टंकियां टूटी, नागरिकों में आक्रोश
अंबेडकरनगर : मान्यवर कांशीराम शहरी गरीब आवास योजना के तहत नगर के निबियहवा पोखरा पर स्थापित कॉलोनी के वाशिंदों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। पेयजल, बिजली संकट से जूझ रहे कॉलोनी के वाशिंदों ने आवास के सामने प्रदर्शन कर विरोध जताया।
कॉलोनी में लगी पानी की टंकियां टूट गई है। जिससे लोगों के समक्ष पेयजल समस्या उत्पन्न हो गई। यहां तीन इंडिया मार्का हैंडपंप लगे है, लेकिन इनमें से दो हैंडपंप काफी दिनों से खराब है। अनीता ने बताया कि हैंडपंप खराब होने पर उसे ठीक करने के लिए जल निगम के अधिकारी, कर्मचारी शिकायत के बाद भी नहीं दिखाई पड़ते है। कई बार हैंडपंप को कॉलोनी के लोग अपने खर्च से ठीक करा चुके है। कॉलोनी में लगा ट्रांसफार्मर खराब हो जाने से लोगों को अंधेरे में गुजर करना पड़ रहा है। शिकायत के बाद भी बिजली विभाग के कर्मचारी झांकने तक नहीं आए। कॉलोनी में साफ-सफाई व्यवस्था भी बदहाल है। सफाई कर्मियों की मनमानी से चारों तरफ कूड़ा करकट का ढेर लगा है। सफाई न करने से नालियों से दुर्गध फैल रही है। विरोध प्रदर्शन में ज्ञानमती, समरथी देवी, गेना देवी, प्रेमा देवी, मीना, आशा देवी, रामतिलक आदि शामिल रहे।