Prayagraj Weather Update : आसमान पर घने बादलों ने रोकी उमसभरी गर्मी की गति, मिली राहत Prayagraj News
बुधवार की सुबह से आसमान में छाए बादल गर्मी के वर्चस्व को कम करते दिखे। सुबह मौसम खुशनुमा है। गर्मी से भी कुछ हद तक राहत मिली है।
प्रयागराज, जेएनएन। मौसम का मिजाज वाकई लोगों की समझ से परे ही है। क्योंकि अभी मंगलवार की दोपहर तक सूर्य की आग उगलती किरणों से शरीर झुलस रहा था। वहीं शाम को अचानक बादल घने हो गए और तेज हवा के साथ बारिश की। इससे शहरवासियों को राहत मिली। बुधवार की सुबह से भी आसमान में छाए बादल गर्मी के वर्चस्व को कम करते दिखे। सुबह मौसम खुशनुमा है।
मौसम विभाग ने आसमान पर बादलों का जिक्र किया था
नवतपा की शुरुआत के दिन सोमवार को ही पारा 47 डिग्री सेल्सियस को पार कर गया। आलम यह था कि मंगलवार की दोपहर तक सुबह से ही तीखी धूप लोगों के लिए झेल पाना मुश्किल हो रहा था। झुलसाती सूर्य की आग उगलती किरणों से सड़कों पर दोपहर में सन्नाटा व बाजार भी सूने रहे। मौसम विभाग ने आने वाले कुछ दिनों तक मौसम के ऐसे ही बना रहने की बात कही थी। पारे के चढऩे से बादलों के दस्तक देने का भी अनुमान था, जो सही साबित हुआ।
मई के शुरूआत में बारिश से ठंडा हुआ था मौमस
माह के शुरुआती दिनों में हल्की बारिश और बदली ने गर्मी से लडऩे का हौसला दिया था। हालांकि उसके बाद मौसम ने तेजी से करवट ले लिया। धीरे-धीरे वातावरण में गर्मी का वर्चस्व बढ़ता ही गया। कूलर और पंखे गर्म हवा फेंकने लगे। आलम यह हो गया कि रविवार को जनपद में अधिकतम तापमान 46 डिग्री सेल्सियस पार गया। वहीं एक कदम आगे बढ़कर तापमान सोमवार को 47.1 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। मंगलवार को अधिकतम तापमान 47.4 डिग्री सेल्यियस पहुंच गया था।
तीन दिन का तापमान
तारीख अधिकतम न्यूनतम
24 मई 46.3 28.8
25 मई 47.1 28.7
26 मई 47.4 29.0
आसमान पर सुबह हल्के बादल पर गर्मी की स्पीड कम नहीं
यूं तो मंगलवार सुबह से ही आसमान से आसमान में बादलों ने दस्तक देना शुरू कर दिया था लेकिन दोपहर में इससे गर्मी पर असर नहीं पड़ा। पंखे, कूलर से भी गर्म हवा ही निकलती रही। वहीं शाम को बादलों ने दस्तक दी और धूलभरी तेज हवा के बाद बारिश हुई। मौसम की इस करवट के बाद उमस से कुछ राहत मिली।
मंगलवार को 47 डिग्री सेल्सियस से अधिक रहा तापमान
सोमवार की तुलना में मंगलवार को अधिकतम और न्यूनतम तापमान में 0.3 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि दर्ज हुई। इलाहाबाद विश्वविद्यालय में भूगोल विभाग के प्रो. और मौसम विज्ञानी डा. अनुपम पांडेय का कहना है कि जब भी बहुत तेजी से गर्मी बढ़ती है तो हवाएं ऊपर उठती हैं। ऊपर जाकर हवाएं ठंडी हो जाती हैं, जिससे बारिश होती है। तेज गर्मी के कारण ही मौसम बदला और बारिश हुई।