मतदान केंद्रों पर पहुंची पोलिंग पार्टियां
जासं, इलाहाबाद : विधानसभा चुनाव को सकुशल संपन्न कराने के लिए बुधवार को पोलिंग पार्टियां मतदान कें
जासं, इलाहाबाद : विधानसभा चुनाव को सकुशल संपन्न कराने के लिए बुधवार को पोलिंग पार्टियां मतदान केंद्रों पर पहुंच गई। मतदान कर्मियों के साथ ही ईवीएम की सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त किए गए हैं। कर्मचारियों को सख्त हिदायत दी गई है कि मतदान केंद्रों के आसपास बने मकानों में न रुकें और न ही किसी के घर भोजन करें।
विधानसभा चुनाव के लिए जिले में बनाए गए 2181 मतदान केंद्रों पर पोलिंग पार्टियों की रवानगी सुबह आठ से 10 बजे तक शुरू हो गई थी। यह सिलसिला शाम पांच बजे तक चला। देर शाम तक सभी पार्टियां अपने मतदान केंद्र पर पहुंच गई। पोलिंग पार्टियों की रवानगी को शहर में तीन स्थल बनाए गए थे। परेड मैदान, केपी ग्राउंड और भारत स्काउट पर बने शिविर में सबसे पहले कर्मियों की उपस्थिति जांची गई फिर रिटर्निग अफसरों के निर्देशन में उन्हें ईवीएम उपलब्ध कराई गईं। ईवीएम लेने को मतदान कार्मिकों में हड़बड़ी का माहौल रहा। कोई सहयोगी को खोजने में परेशान था तो कोई वाहन खोजने में। कर्मियों में कुछ ऐसे भी थे जिनके लिए यह पहला चुनाव था। इसको लेकर उनकी उत्सुकता भी देखने लायक थी।