Move to Jagran APP

मौसम की बिगड़ी चाल, सेहत के प्रति रहें सावधान

जासं, इलाहाबाद : मौसम की चाल सेहत बिगाड़ सकती है। तापमान में भारी अंतर बीमारियों की वजह बन रहा है।

By JagranEdited By: Published: Sun, 26 Feb 2017 07:32 PM (IST)Updated: Sun, 26 Feb 2017 07:32 PM (IST)
मौसम की बिगड़ी चाल, सेहत के प्रति रहें सावधान
मौसम की बिगड़ी चाल, सेहत के प्रति रहें सावधान

जासं, इलाहाबाद : मौसम की चाल सेहत बिगाड़ सकती है। तापमान में भारी अंतर बीमारियों की वजह बन रहा है। सर्दी, जुकाम, बुखार, डायरिया ने तो घर-घर दस्तक दे रखी है। दिन में उमस परेशान करती है तो रात में सर्द हवाएं ठिठुराने लगती हैं। दिन में वसंती हवाएं त्वचा को सुखा रही हैं। चिकित्सक इस मौसम में अतिरिक्त सतर्कता बरतने की सलाह दे रहे हैं।

loksabha election banner

शरीर के प्रति लापरवाही के चलते फंगल इंफेक्शन को असर दिखाने का मौका मिल गया है। अस्पतालों में आ रहे मरीज शरीर में चकत्ते व दाने निकलने की शिकायत कर रहे हैं। जांघ के अलावा पेट में भी दाने निकलने की शिकायत आम है। इससे जलन भी हो रही है। ज्यादातर लोगों को रात में अचानक शरीर में जलन की शिकायत होती है। दाने निकल आते हैं। चिकन पाक्स का असर भी देखा जा रहा है। त्वचा रोग विशेषज्ञ डॉ. शक्ति बसु बताते हैं कि बदलता मौसम त्वचा के लिए नुकसानदायक होता है। सतर्कता जरूरी है। कहते हैं कि इस मौसम में त्वचा तेजी से सूखती है, जिसे सही रखने के लिए उसे शुष्क होने से बचाएं। संक्रमित व्यक्ति से दूर रहें। पौष्टिक आहार लेने के साथ ही साफ सफाई पर विशेष ध्यान दें।

घर-घर वायरल की दस्तक

मौसम की करवट से वायरल रोगों ने भी पांव पसार लिए हैं। सर्दी, जुकाम, बुखार और खांसी लगभग सभी घरों में लोगों को है। बच्चों में बीमारी का असर ज्यादा देखा जा रहा है। शहर के अस्पतालों में भीड़ उमड़ रही है। कॉल्विन, एसआरएन और बेली अस्पतालों की ओपीडी में हजारों की संख्या में मरीज रोज पहुंच रहे हैं। इसमें ज्यादातर संख्या संक्रामक रोग से ग्रसित मरीजों की है। बीमारी के पीछे मुख्य वजह तापमान में उतार चढ़ाव को बताया जा रहा है। डॉक्टरों का कहना है कि मौसम में उतार-चढ़ाव के चलते शरीर खुद को नियंत्रित नहीं कर पाता। फिजिशियन डॉ. मनोज माथुर बताते हैं कि बदलते मौसम में अतिरिक्त सतर्कता बरतने की आवश्कता होती है। दिन में लोग अचानक गर्म कपड़े उतार देते हैं जिससे बीमारियों को अटैक करने का मौका मिल जाता है। इस मौसम में बच्चों को लेकर भी सावधानी बरतनी चाहिए। बदले मौसम से बच्चे निमोनिया जैसी बीमारी की चपेट में आ रहे हैं। थोड़ी सी असावधानी से जान खतरे में पड़ सकती है।

दिन में गर्मी, रात को सर्दी

-अधिकतम व न्यूनतम तापमान में खासा अंतर

तापमान

24 फरवरी

अधिकतम = 27.1

न्यूनतम = 11.6

25 फरवरी

अधिकतम = 29.3

न्यूनतम = 11.0

26 फरवरी

अधिकतम = 30.3

न्यूनतम = 11.2

इलाहाबाद : बीते दिनों पश्चिमी हवाएं 50 किलोमीटर की रफ्तार से चल रही थीं जिस पर रविवार को कुछ लगाम लगती दिखी। पछुआ के थमने के कारण तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई। बीते शुक्रवार को अधिकतम तापमान 27.1 डिग्री था जो रविवार को बढ़कर 30.3 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। हालांकि न्यूनतम तापमान लगभग स्थिर है। शुक्रवार को न्यूनतम पारा 11.6, शनिवार को 11 और रविवार को 11.2 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। दिन में गर्मी तो रात में सर्दी का अहसास हो रहा है। लोग अभी भी बिना रजाई के नहीं सो पा रहे हैं। मौसम विज्ञानी डॉ. एसएस ओझा बताते हैं कि पछुआ के थमने के बाद अब पारा तेजी से चढ़ेगा। खासकर मार्च शुरू होते ही गर्मी अपना असर दिखाने लगेगी।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.