रोग पकड़ने में कारगर है इलेक्ट्रोकेमेस्ट्री
जागरण संवाददाता, इलाहाबाद : मोतीलाल नेहरू मेडिकल कालेज के बायोकेमेस्ट्री विभाग ने सिम्पोजियम करें
जागरण संवाददाता, इलाहाबाद : मोतीलाल नेहरू मेडिकल कालेज के बायोकेमेस्ट्री विभाग ने सिम्पोजियम करेंट अपडेट्स इन बायोकेमेस्ट्री विषयक कार्यशाला का आयोजन किया। रविवार को हुई इस कार्यशाला में नामी चिकित्सकों ने विचार व्यक्त किए।
बीएचयू के प्रो. डी. दास ने इलेक्ट्रोकेमेस्ट्री को हर रोग की जांच में कारगर बताया। कहा कि शरीर में इसके प्रयोग से हर रोग को आसानी से पता लगाया जा सकता है। इससे उस रोग का इलाज आसान हो जाएगा। एम्स नई दिल्ली के प्रो. एसएस चौहान ने कैंसर से निजात पर प्रकाश डाला। बोले, कैंसर से होने वाली मौतों का प्रमुख कारण उसका समय पर पता न चलना है। अगर समय पर मर्ज की जानकारी हो जाए और उपचार शुरू कर दिया जाए तो कैंसर से होने वाली मौतों को काफी हद तक रोका जा सकता है।
डॉ. अभय पांडेय ने आयुर्वेद की कारगर उपयोगिता पर प्रकाश डाला। कहा कि जड़ी-बूटियां कैंसर जैसे जानलेवा रोग को दूर करने में सहायक हैं। इसके कई प्रमाण मिल चुके हैं। कालेज के प्राचार्य डॉ. एसपी सिंह ने कहा कि चिकित्सा के क्षेत्र में तकनीक का प्रयोग बढ़ा है। तकनीक के बेहतर प्रयोग से जानलेवा मर्ज दूर किए जा रहे हैं। बावजूद इसके लोगों में जागरुकता का अभाव है। इससे वह न समय पर जांच कराते हैं न इलाज शुरू होता है। इससे छोटे से छोटा रोग नासूर बन जाता है। यह दशा बदलने के लिए लोगों में जागरुकता लानी होगी।
कार्यशाला का संचालन डॉ. श्वेता द्विवेदी ने किया। जबकि संयोजन व आभार ज्ञापन विभागाध्यक्ष डॉ. बीनू ने किया। इस दौरान प्रो. श्याम प्रकाश, प्रो. अब्बास मेंहदी, डॉ. ए. रायजादा, प्रो. एन. इस्लाम, डॉ. शांति चौधरी ने विचार व्यक्त किए।