मीरापुर में मोटर फुंकी, सैकड़ों घर प्यासे
जासं, इलाहाबाद : गर्मी का मौसम जैसे-जैसे करीब आ रहा है। शहर में पानी का संकट गहराने लगा है। शनिवार क
जासं, इलाहाबाद : गर्मी का मौसम जैसे-जैसे करीब आ रहा है। शहर में पानी का संकट गहराने लगा है। शनिवार को मीरापुर के शिवपुरी कालोनी में मोटर फुंक गई। जिसकी मरम्मत शाम तक नहीं हो पाई। इस वजह से इस इलाके के सैकड़ों घरों के लोगों को पानी की तंगी झेलनी पड़ी। सूचना देने के बाद भी मरम्मत न होने से लोगों में गहरी नाराजगी है।
मीरापुर वार्ड स्थित ललितादेवी मंदिर के पीछे शिवपुरी कालोनी में शनिवार की सुबह सैकड़ों घरों में पानी आना बंद हो गया। जब लोगों ने पता किया तो जानकारी मिली कि मोटर ही फुंक गई है। इसके बाद स्थानीय लोगों ने जलकल विभाग के जेई को सूचना दे दी। मगर शाम तक पंप की मरम्मत नहीं हो पाई। इस वजह से आसपास के सैकड़ों घरों के लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। पहले तो नल चालू होने की आस में लोगों ने पड़ोसियों के घर से पानी लिया। उसके बाद आसपास के हैंडपंप पर लाइन लगनी शुरू हो गई। यह समस्या एमएल कांवेंट स्कूल, हनुमान मंदिर चौराहा और काली मंदिर के आसपास के घरों में बनी हुई है। क्षेत्रीय नागरिक धीरज नागर, सुमित श्रीवास्तव आदि ने बताया कि जलकल विभाग को सूचना दे दी गई है, लेकिन कर्मचारी आए नहीं। इस वजह से अब रविवार को भी पानी का संकट झेलना पड़ सकता है। जलकल विभाग के अधिशासी अभियंता आरडी यादव ने बताया कि मोटर जल गई है। रविवार सुबह को ही इसकी मरम्मत करवा दी जाएगी।