आयोग के सदस्य करेंगे बालगृह का निरीक्षण
वरिष्ठ संवाददाता, इलाहाबाद : राजकीय बालगृह में बच्चियों के साथ हुए दुराचार कांड मामले की जांच के लिए राष्ट्रीय बाल अधिकार संरक्षण आयोग के सदस्य 23 अप्रैल को यहां आ रहे हैं।
राजकीय बालगृह में हुए दुराचार कांड में मुख्य आरोपी विद्याभूषण को पुलिस ने गिरफ्तार किया था। अधीक्षिका उर्मिला गुप्ता, सहायक अधीक्षिका छाया समेत दस कर्मचारियों को निलंबित किया गया था। बाद में पुलिस ने अधीक्षिका उर्मिला गुप्ता व आया रमापति को घटना को छिपाने के आरोप में गिरफ्तार किया था। सोमवार को प्रशासनिक अधिकारियों को जानकारी दी गई कि राष्ट्रीय बाल अधिकार संरक्षण के सदस्य डा. योगेश दुबे 23 अप्रैल को इलाहाबाद आएंगे। वह राजकीय बालगृह भी जाएंगे। खानपान, शिक्षा, चिकित्सा, सोने का बिस्तर, कमरा, मनोरंजन के साधन आदि व्यवस्था को देखेंगे। दुराचार की शिकार पीड़ित बच्चियों से भी वह बातचीत कर सकते हैं। इसी दिन शिक्षा, पुलिस, स्वास्थ्य के साथ ही प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बैठक कर बालगृहों के बारे में बिंदुवार समीक्षा करेंगे। 24 अप्रैल को वह बच्चों के क्षेत्र में कार्य करने वाली एनजीओ के सदस्यों के साथ बैठक करेंगे।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर