अब मोबाइल से खरीदें जैविक उत्पाद
जासं, इलाहाबाद : तेजी से बदलते परिवेश में स्वयं की सेहत दुरुस्त बनाए रखना आसान नहीं। इस गंभीर चुनौती
जासं, इलाहाबाद : तेजी से बदलते परिवेश में स्वयं की सेहत दुरुस्त बनाए रखना आसान नहीं। इस गंभीर चुनौती से पार पाने में जैविक उत्पाद महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। कुछ ऐसे ही उद्देश्य को लेकर आगे बढ़ रही है किसानों की कंपनी। 'प्रगति ग्राम फ्रेश प्रोड्यूसर लिमिटेड' नाम से बनी किसानों की कंपनी ने शहर के लोगों तक अब जैविक उत्पाद पहुंचाने की ठान ली है। कंपनी ने रविवार को अपना मोबाइल एप लांच किया। मकसद यही कि जो लोग उनके स्टाल तक न पहुंच पाएं, वे मोबाइल से ही सब्जियां या अन्य उत्पाद घर बैठे ही मंगा सकते हैं।
राष्ट्रीय कृषि एवं ग्रामीण विकास बैंक नाबार्ड के सहयोग से 150 खेतिहर मजदूरों ने यह कंपनी बनाई है। प्रदेश में अपनी तरह की इस पहली कंपनी ने रविवार को स्वराज विद्यापीठ में अपने उत्पादों की प्रदर्शनी लगाई। स्टालों पर सब्जियों के अलावा दाल, चावल आदि भी आकर्षण का केंद्र बने रहे। प्रदर्शनी में जुटे शहर के लोगों ने सेहत को ध्यान में रखते हुए खरीददारी की। इस मौके पर उत्पादक-उपभोक्ता संवाद का आयोजन भी किया गया। इस मौके पर उपभोक्ताओं ने अपने अनुभव बताए। मेरी लूकस स्कूल की शिक्षिका रचना देशमुख ने बताया कि जैविक उत्पादों की गुणवत्ता एवं स्वाद दोनों उत्तम हैं। बताया कि उन्होंने कई महीने पहले जैविक तरीके से उगाई गई सब्जियां खरीदनी शुरू कीं। उनकी देखादेखी कालोनी के अब काफी लोग जैविक उत्पाद खरीदने लगे हैं। इसी तरह नुपुर शरन, हिमांशु रंजन, सुष्मिता डे, विनोद तिवारी, उदय प्रकाश तिवारी, पिंकी श्रीवास्तव, रणजीत राज, पीएन सिंह, चंद्रा जोशी आदि ने भी अपने अनुभव बताए। कार्यक्रम में नाबार्ड के डीडीएम राजीव जेतली ने कहाकि लघु एवं सीमांत किसान उत्पादक समूह बनाकर सफल उद्यमी बन सकते हैं। बोलते हुए कमला नेहरू अस्पताल की डॉ. कविता अग्रवाल ने कहाकि बाजार से हम ऐसी चीजें भी खरीदकर खा रहे हैं जो सेहत के लिए हानिकारक हैं। जैविक उत्पाद सेहत के लिए बेहतर विकल्प हैं। मोतीलाल नेहरू इंजीनिय¨रग कालेज के प्राध्यापक एके राय ने मोबाइल एप की उपयोगिता पर प्रकाश डाला। इसके पहले प्रदर्शनी का उद्घाटन यूइंग क्रिश्चियन कालेज के प्राध्यापक आरपी सिंह ने किया। अध्यक्षता गोविंद वल्लभ पंत सामाजिक विज्ञान संस्थान के प्रो. सुनीत सिंह ने की। कार्यक्रम में माध्यमिक शिक्षा चयन बोर्ड की सचिव रूबी सिंह, विजया बैंक के प्रबंधक परविंदर सिंह, रजनीश कुमार, वेद प्रकाश मिश्रा, डॉ. स्वप्निल श्रीवास्तव, ज्योति सिंह आदि मौजूद रहे।