कैशलेस सिस्टम में जमा करें जलकर
जासं, इलाहाबाद : स्मार्ट सिटी की रेस में अपना शहर शामिल हो न हो लेकिन इससे नगर निगम की सुविधाएं जरुर
जासं, इलाहाबाद : स्मार्ट सिटी की रेस में अपना शहर शामिल हो न हो लेकिन इससे नगर निगम की सुविधाएं जरुर स्मार्ट हो रही हैं। पिछले दिनों नगर निगम ने टैक्स जमा करने की सुविधा आनलाइन कर दी। अब जलकल में जलकर जमा करने स्वाइप मशीन लाई जा रही है। हफ्ते भर बाद से हर जोन में लोग स्वाइप मशीन के जरिए जलकर जमा कर सकेंगे।
जलकल विभाग में आय का मुख्य श्रोत जलकर है। अधिक से अधिक जलकर जमा हो इसलिए अब इस व्यवस्था को आसान बनाया जा रहा है। नगर निगम की तरह इसे भी आनलाइन करना था लेकिन अब तक सभी रिकार्ड डिजिटाइज नहीं हुए हैं। इसलिए यह प्रक्रिया शुरू नहीं हो पाई है। फिर भी जलकल की ओर से जलकर जमा करने की कैशलेस सुविधा शुरू होने जा रही है। सचिव एके स्वामी ने बताया कि पांच स्वाइप मशीन ली गई है। हर जोन में एक-एक मशीन दी जाएगी। सप्ताह भर में यह शुरू हो जाएगी तो एटीएम कार्ड के जरिए जलकर जमा किया जा सकता है।
नहीं चल रही निगम के स्वाइप मशीन
महीने भर पहले नगर निगम में आनलाइन टैक्स जमा करने की सुविधा शुरू हुई थी। उसी के साथ हर जोन में एक-एक स्वाइप मशीन भी दी गई थी। लेकिन अब वह चालू नहीं हुई है। इससे लोगों को इसका लाभ नहीं मिल रहा है। वहीं आनलाइन टैक्स जमा हो रहा है और अब तक सौ से अधिक लोग जमा कर चुके हैं।