अल्लापुर से युवक का अपहरण
जागरण संवाददाता इलाहाबाद : जार्जटाउन थाना क्षेत्र के अल्लापुर इलाके से एक युवक को अगवा कर लिया गया।
जागरण संवाददाता इलाहाबाद : जार्जटाउन थाना क्षेत्र के अल्लापुर इलाके से एक युवक को अगवा कर लिया गया। लेबर चौराहे पर पहले उसे जमकर पीटा गया। फिर आपराधिक किस्म के युवक उसे गाड़ी में लाद ले गए। 24 घंटे बाद भी अगवा युवक का सुराग नहीं मिल सका है। मामले में छह युवकों को नामजद कर रिपोर्ट दर्ज हुई है। सभी आरोपी घर से भागे हुए हैं। इन युवकों के बीच पहले भी मारपीट हुई थी। रंजिश चल रही है। ऐसे में अनहोनी की आशंका पुलिस को भी है। टीमें युवक का सुराग पाने में जुटी हैं।
किदवई नगर अल्लापुर के रहने वाले रामबाबू का बेटा सुनील गुप्ता (25) गुरुवार की रात साढ़े नौ बजे लेबर चौराहे पर पहुंचा। वहां एक गुट के बदमाशों से उसका विवाद हो गया। नशे में धुत युवकों ने पहले उसे पीटा फिर तमंचा सटाकर बाइक में लाद ले गए। यह घटनाक्रम आसपास के लोगों ने देखा। सूचना पुलिस तक पहुंची फोर्स पहुंची। अपहरण की जानकारी पाकर घरवाले पहुंच गए। सुनील के भाई अनिल गुप्ता ने मामले में सचिन सोनकर, सत्यम भारती, लल्लू यादव, आशीष यादव, मुन्नू सोनकर और लुक्खन के खिलाफ मारपीट और अपहरण का केस दर्ज कराया है। पुलिस ने सभी आरोपियों के यहां दबिश दी लेकिन वह नहीं मिले। सुनील के न मिलने से पुलिस को भी अनहोनी की आशंका सता रही है। बताते हैं कि कुछ दिन पहले सुनील इन युवकों के साथ शराब पी रहा था। तब मारपीट हुई थी। तब सुनील को तमंचे के साथ पकड़ा गया था। इसी को लेकर युवकों से उसकी खुन्नस चल रही थी। इंस्पेक्टर बीके सिंह का कहना है कि युवक का सुराग नहीं मिला है। उसे उठा ले जाने वाले आपराधिक किस्म के हैं। उनकी तलाश की जा रही है।