ईश्वर शरण पर शव रख फूटा छात्रों का आक्रोश
जागरण संवाददाता इलाहाबाद : ईश्वर शरण डिग्री कालेज के सामने हुई बीटेक छात्र नंदन पांडेय की हत्या क
जागरण संवाददाता इलाहाबाद : ईश्वर शरण डिग्री कालेज के सामने हुई बीटेक छात्र नंदन पांडेय की हत्या के विरोध में गुरुवार को छात्रों का आक्रोश फूट पड़ा। कालेज के सामने शव रखकर छात्रों ने विरोध जताया। हालांकि पुलिस अधिकारियों ने समझा कर छात्रों को शांत करा दिया। मामले में दो छात्रनेताओं को नामजद कर रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। अभी तक की जांच से साफ हुआ है कि नंदन की हत्या छात्रों की आपसी दबंगई की वजह से हुई। कालेज के सामने छात्रों के बीच झगड़ा हुआ तो नंदन एक पक्ष से बोलने लगा। इसी के बाद उसके सिर में गोली मार दी गई।
चांदपुर सलोरी के रहने वाले नंदन पांडेय (25) की बुधवार रात गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। नंदन ईश्वर शरण और इविवि के छात्रनेताओं संग रहता था। ऐसे में गुरुवार को उसके घर छात्रों की भारी भीड़ जमा हो गई। पोस्टमार्टम के बाद शव घर ले जाया गया। इसके बाद अंतिम संस्कार से पहले छात्रों ने नंदन के शव को ईश्वर शरण कालेज चौराहे पर रख हंगामा शुरू कर दिया। बवाल की आशंका की वजह से पुलिस फोर्स वहां पहले से मौजूद थी। दो सीओ की मौजूदगी में कई थानों की फोर्स वहां जमा रही। जाम लगने लगा तो अधिकारियों ने छात्रों को समझा कर शांत कराया। मामले में बैरहना के रहने वाले पंकज और गोविन्दपुर के रहने वाले सलमान को नामजद किया गया है। पंकज छात्रसंघ का चुनाव लड़ चुका था। रात में दोनों ईश्वर शरण गेट के पास दबंगई कर रहे थे। पुलिस दोनों आरोपियों को तलाश रही है। पुलिस ने वहां लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगाली लेकिन खास सुराग नहीं मिला। कैमरे में आते-जाते कई लोगों की तस्वीर कैद हुई है। सीओ कर्नलगंज डीपी तिवारी के मुताबिक, आपसी खुन्नस में हत्या की गई। बड़ी रंजिश नहीं है। टीमें लगाकर दबिश दी जा रही है।
कई नाम प्रकाश में आए हैं, पुलिस टीमें दबिश दे रही हैं। सुराग भी मिले हैं। जल्द ही केस वर्कआउट हो जाएगा।
विपिन टांडा, एसपी सिटी
रोते बिलखते रहे घरवाले
नंदन की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गुरुवार को पोस्टमार्टम के बाद शव घर ले जाया गया तो घरवालों की चीखें गूंजने लगीं। नंदन की मां होलागढ़ के परिषदीय विद्यालय में टीचर हैं। रो-रोकर उनका बुरा हाल है। नंदन का छोटा भाई भी अन्य छात्रों के साथ आक्रोश प्रकट करता रहा। नंदन के घरवालों का कहना है कि वह कई छात्रनेताओं के साथ घूमता था, ऐसे में असली वजह वही बता सकते हैं।