विधायक की चौखट पर पहुंची नर्से
जासं, इलाहाबाद : स्वरूपरानी नेहरू (एसआरएन) अस्पताल की संविदा नर्सो की हड़ताल जारी है। सोमवार को नर्सो
जासं, इलाहाबाद : स्वरूपरानी नेहरू (एसआरएन) अस्पताल की संविदा नर्सो की हड़ताल जारी है। सोमवार को नर्सो ने अस्पताल के ट्रामा सेंटर के बाहर धरना दिया। नर्से सपा विधायक विजमा यादव के घर भी पहुंचीं, जहां अपनी समस्या बताते हुए न्याय की गुहार लगाई।
एसआरएन अस्पताल में पिछले साल फरवरी में 83 नर्सो की भर्ती एक साल के लिए संविदा पर की गई थी। उनका समय पूरा हो गया है, इसलिए अब उनको निकाला जा रहा है। शासन नर्सो की भर्ती के लिए नई संस्था उत्तर प्रदेश लघु उद्योग निगम को यह जिम्मेदारी दे दी है। यह संस्था अब अपने तरीके से नर्सो की भर्ती कर रही है। पुरानी नर्सो को हटाया जा रहा है, जिसका वह विरोध कर रही हैं। नर्सो का कहना है कि उनकी नौकरी का नवीनीकरण किया जाए। सोमवार को नर्से सुबह दस बजे ही एसआरएन अस्पताल के ट्रामा सेंटर के बाहर धरने पर बैठ गई। दोपहर बाद वह सपा विधायक विजमा यादव के अशोक नगर स्थित आवास पर पहुंचीं और उन्हें ज्ञापन सौंपकर न्याय की गुहार लगाई। नर्सो की मानें तो विधायक ने उसी समय मेडिकल कालेज के प्राचार्य डॉ. एसपी सिंह से फोन पर बात कर पूरे मामले की जानकारी ली। नर्सो ने कमिश्नर और जिलाधिकारी को भी ज्ञापन सौंपकर अपने साथ न्याय की मांग की।