सुरक्षा के लिए नौ जोन में बांटा शहर
जासं, इलाहाबाद : ईद पर्व पर शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस विभाग ने सुरक्षा के बंदोबस्त करना
जासं, इलाहाबाद : ईद पर्व पर शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस विभाग ने सुरक्षा के बंदोबस्त करना शुरू कर दिया है। पहले चक्र में शहर को दो सुपर जोन व नौ जोन में बांटकर डयूटी प्वाइंट पर पुलिस कर्मियों की तैनाती की गई है। मंगलवार को दंगा नियंत्रण अभ्यास भी किया गया।
ईद पर्व को सकुशल संपन्न कराने के लिए पुलिस महकमे ने तैयारियां तेज कर दी है। एसपी सिटी राजेश यादव ने शहर को दो सुपर जोन व नौ जोन में बांटा गया। इसके अलावा 26 सेक्टर भी बनाए गए हैं। शहर में 59 ऐसे स्थल चयनित किए गए हैं जो संवेदनशील हैं। इन जगहों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा। ईद पर्व को देखते हुए एसएसपी जोगेंद्र कुमार के निर्देश पर पुलिस ने मंगलवार को दंगा नियंत्रण अभ्यास किया। डयूटी प्वाइंट पर पुलिस कर्मी तैनात रहे। वह प्रोटेक्टर, शस्त्र, हेलमेट व लाठी के साथ मुस्तैद रहे। एसपी सिटी राजेश यादव व सभी सीओ ने अपने-अपने क्षेत्र में इसकी जांच भी की। सिविल लाइंस में भी सीओ आलोक मिश्र की देखरेख में अभ्यास हुआ। सीओ पंचम गणेश शाहा ने भी दंगा नियंत्रण अभ्यास कराया। सीओ गणेश शाहा ने बताया कि पर्व को देखते हुए चेकिंग अभियान तेज कर दिया गया है।