रात में नरमी, दिन में गर्मी
जासं, इलाहाबाद : मंगलवार को आधी रात के बाद बदला मौसम ज्यादा देर तक उपस्थित नहीं दर्ज करा पाया और बुध
जासं, इलाहाबाद : मंगलवार को आधी रात के बाद बदला मौसम ज्यादा देर तक उपस्थित नहीं दर्ज करा पाया और बुधवार को दोपहर में तपिश ने फिर असर दिखाना शुरू कर दिया। सुबह छाये रहे बादल अचानक न जाने कहां चले गए। तापमान में मामूली गिरावट दर्ज की गई। मौसम विभाग की मानें तो आने वाले दिनों में पारा फिर चढ़ेगा।
अपै्रल में गर्मी ने जो रफ्तार पकड़ी है उस पर लगाम लगते नहीं दिख रही। पिछले एक पखवाड़े पर नजर डालें तो पारा 45 डिग्री व उसके आसपास ही रहा। ऐसे में आशंका जताई जा रही थी कि प्री मानसून समय से पहले आ सकता है। ऐसा होता हुआ भी दिखा। मंगलवार को रात 11 बजे के बाद अचानक मौसम बदला। ठंडी हवाओं ने अपना असर दिखाना शुरू कर दिया। आधी रात को आंधी आई, कुछ जगहों पर बूंदाबांदी भी हुई। अचानक लोगों को गर्मी से राहत मिलती नजर आई। बुधवार को सुबह भी आसमान में बादल छाए रहे। लगा कि कभी भी बारिश हो सकती है पर जैसे जैसे सूरज चढ़ा, बादलों का दम भी निकल गया। आसमान साफ हो गया। दोपहर होते होते तीखी धूप शरीर जलाने लगी थी। तपिश से लोग बेहाल हो उठे। बुधवार को अधिकतम तापमान 40.5 व न्यूनतम 26.6 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। मौसम विज्ञानियों की मानें तो हवाओं के खेल में प्री मानसून भटक गया है। हालांकि आने वाले दिनों में गर्मी अपना प्रचंड रूप दिखा सकती है।