चाकू गोदकर डॉक्टर की हत्या
हंडिया, इलाहाबाद : हंडिया थाना क्षेत्र के पुरेगोगई गांव में रविवार रात बेटी की पिटाई का विरोध करने प
हंडिया, इलाहाबाद : हंडिया थाना क्षेत्र के पुरेगोगई गांव में रविवार रात बेटी की पिटाई का विरोध करने पर झोलाछाप डॉक्टर शोभनाथ यादव की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई। चाकू लगने से डॉक्टर की बेटी भी घायल हो गई। जमीन की रंजिश को लेकर हत्या कर आरोपी भाग निकला। हत्या से गुस्साए परिजनों ने मैजिक में तोड़फोड़ कर आग लगाने की कोशिश की। सोमवार को शव का पोस्टमार्टम में देरी होने पर चीरघर में भदोही के एक बसपा नेता ने हंगामा कर दिया। नाराज डॉक्टरों ने पोस्टमार्टम रोक दिया। डॉक्टरों के गुस्से को देख बसपा नेता भाग निकले। परिजनों की मान मनौव्वल पर आधे घंटे बाद शव का पोस्टमार्टम हुआ।
पूरे गोगई निवासी शोभनाथ यादव झोलाछाप डॉक्टर थे। गांव के ही पंचलाल यादव से नाले व जमीन को लेकर उनका विवाद चल रहा था। कई बार झगड़ा भी हो चुका था। रविवार रात डॉक्टर सियाडीह गांव में बरात में गए थे। रात करीब नौ बजे पंचलाल ने डॉक्टर की बेटी गुड़िया को गाली देनी शुरू कर दी। गुड़िया ने विरोध किया तो पंचलाल ने उसे खींचकर पीटना शुरू कर दिया। इसी बीच डा. शोभनाथ पहुंच गए। वह बेटी को बचाने लगे तो पंचलाल ने चाकू से डॉक्टर के गले पर प्रहार कर दिया। इससे वह नीचे गिर पड़े। फिर पंचलाल ने कई वार किया। गुड़िया ने बचाने का प्रयास किया तो उसे भी चाकू मारकर घायल कर दिया। परिजनों के शोर मचाने पर पंचलाल भाग निकला। सूचना पर हंडिया एसओ राकेश सिंह पहुंचे। घायल पिता-पुत्री को बरौत के निजी अस्पताल ले गए जहां शोभनाथ को मृत घोषित कर दिया गया। मृतक के इकलौते बेटे पंकज की तहरीर पर पुलिस ने पंचलाल के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया। गुस्साए परिजनों ने आरोपी के घर के बाहर खड़ी मैजिक गाड़ी में तोड़फोड़ कर आग लगाने की कोशिश की। पुलिस ने पहुंच स्थिति संभाली। पुलिस आरोपी की तलाश में दबिश दे रही है।