'चुनाव बाद क्यों नहीं लौटाए जा रहे पुरस्कार'
जागरण संवाददाता, इलाहाबाद : देश में कथित असहिष्णुता को लेकर फिल्म अभिनेता आमिर खान द्वारा दिए गए बया
जागरण संवाददाता, इलाहाबाद : देश में कथित असहिष्णुता को लेकर फिल्म अभिनेता आमिर खान द्वारा दिए गए बयान पर पद्मश्री गीता चंद्रन ने उन्हें सोच-समझकर बोलने की नसीहत दी। कहा बड़े लोगों को अपनी बातों को बोलने से पहले सोचना चाहिए। उन्होंने पुरस्कार लौटाने के मामले को राजनीतिक बताया। कहा चुनाव बाद क्यों नहीं लौटाए जा रहे पुरस्कार। हालांकि इसके पहले उन्होंने आमिर का बचाव भी किया। कहा समझना होगा कि उन्होंने किस परिस्थिति में यह बातें बोली। वह शनिवार को इलाहाबाद संग्रहालय में आयोजित एक व्याख्यानमाला में शिरकत करने आई थीं।
उन्होंने कहा कि अगर उन्हें किसी बात को लेकर विरोध दर्ज कराना होगा तो वह अपने काम से करेंगी। ना की अपने पुरस्कार वापस लौटाकर उस सम्मान का अपमान करके। आगे उन्होंने मीडिया को भी इसके लिए दोषी ठहराया। कहा देश में कई मुद्दे ऐसे हैं, जिनपर चर्चा की जानी चाहिए। लेकिन मीडिया गलत मामलों को अधिक तवज्जो देती है। पद्मश्री गीता ने देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की भी जमकर तारीफ की। कहा उनकी सोच अच्छी है। उन्हें समय दिया जाना चाहिए, तभी उनके काम दिखेंगे।