बच्ची को अगवा किया, कछार में छोड़कर भागे
जासं, इलाहाबाद : धूमनगंज थाना क्षेत्र में प्राथमिक विद्यालय कांशीराम कालोनी से घर जा रही कक्षा चार क
जासं, इलाहाबाद : धूमनगंज थाना क्षेत्र में प्राथमिक विद्यालय कांशीराम कालोनी से घर जा रही कक्षा चार की छात्रा का बाइक सवार बदमाशों ने बुधवार दोपहर अपहरण कर लिया। उसे जबरन बाइक पर बैठाकर बदमाश भागे तो भाई शोर मचाते हुए पीछे भागा। शोर सुन लोगों ने बदमाशों को घेर लिया। चारों तरफ से घिरे बदमाश छात्रा को छोड़कर निकल भागे। परिजनों की तहरीर पर पुलिस घटना की जांच कर रही है।
कांशीराम कालोनी देवघाट की साहिबा पुत्री स्व. बाबुल प्राथमिक विद्यालय में कक्षा चार की छात्रा है। बुधवार को वह अपने छोटे भाई के साथ स्कूल गई। दोपहर को लंच होने पर वह भाई के साथ घर जा रही थी, इसी बीच स्कूल के बाहर खड़े मोटर साइकिल सवार बदमाशों ने साहिबा को जबरन बाइक पर बैठा लिया। साहिबा ने शोर मचाया तो गमछे से उसका मुंह बांधकर भाग निकले। छोटा भाई शोर मचाते हुए पीछे-पीछे भागने लगा। शोर सुनकर कालोनी के लोग बदमाशों के पीछे लग गए। बदमाश साहिबा को कछार में ले गए। उसका हाथ बांध दिया। इसी बीच कालोनी के लोगों ने बदमाशों को घेर लिया। बदमाश तमंचा लहराते हुए साहिबा को छोड़कर भाग निकले। घटना के बाद डरी सहमी साहिबा को लोग लेकर कालोनी पहुंचे। राजरूपपुर चौकी पुलिस को अज्ञात बदमाशों के खिलाफ तहरीर दी गई। पुलिस प्रकरण की जांच कर रही है। साहिबा की मां फातिमा का आरोप है कि कालोनी व आसपास के क्षेत्र में इस तरह की कई घटनाएं हो चुकी है, लेकिन पुलिस कार्रवाई नहीं कर रही है। धूमनगंज एसओ महेंद्र सिंह देव का कहना है कि प्रकरण की जांच की जा रही है।