महिला ने किया आत्मदाह का प्रयास
जासं, इलाहाबाद : दुराचार के प्रयास की घटना से परेशान एक महिला ने शुक्रवार दोपहर सिविल लाइंस के सुभाष
जासं, इलाहाबाद : दुराचार के प्रयास की घटना से परेशान एक महिला ने शुक्रवार दोपहर सिविल लाइंस के सुभाष चौराहे पर आत्मदाह का प्रयास किया। गनीमत रही कि महिला के आग लगाते ही मौके पर मौजूद पुलिस ने पानी डालकर आग को बुझा दिया।
मेजा थाना क्षेत्र के कठौली गांव की निवासी एक महिला अपनी देवरानी के साथ गुरुवार की सुबह शौच के लिए गई थी। आरोप है कि इसी दौरान गांव का ही एक युवक वहां पहुंचा और उसे घसीटते हुए खेत में ले गया, जहां अश्लील हरकत करते हुए दुराचार का प्रयास किया। शोर सुन उसकी देवरानी ने युवक को ईट लेकर दौड़ाया तो युवक धमकी देते हुए भाग निकला। घर पहुंचकर उसने घटना की जानकारी परिजनों को दी तो ससुर उलाहना देने युवक के घर गए तो आरोपी ने ससुर की पिटाई कर दी। शिकायत करने पर मेजा थाने की पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। वहीं इंस्पेक्टर मेजा पीएन मिश्रा का कहना है कि महिला का आरोप झूठा है। नाली के विवाद में पट्टीदारों के बीच मारपीट हुई है। उक्त मामले में दबाव बनाने के लिए महिला ऐसा आरोप लगा रही है।