राष्ट्रपति ही करेंगे केजरी 'जंग' का अंत
इलाहाबाद : दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल एवं उपराज्यपाल नजीब जंग के अधिकारों को लेकर छिड़ी 'ज
इलाहाबाद : दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल एवं उपराज्यपाल नजीब जंग के अधिकारों को लेकर छिड़ी 'जंग' पर उत्तर प्रदेश के राज्यपाल रामनाईक ने कहा है कि इसका अंत अब राष्ट्रपति ही करेंगे। नाईक ने कहा कि इस मामले में कुछ बोलना इसलिए ठीक नहीं है कि दोनों ही पक्षों ने अपनी-अपनी बात राष्ट्रपति के समक्ष रख दी है। अब उनका निर्णय आना शेष है, ऐसे में इस संवेदनशील मुद्दे पर कोई टिप्पणी करना ठीक नहीं होगा। बोले, दिल्ली की तनातनी से देश में संविधान पर ही बहस छिड़ गई है उसका अंत बढि़या ही होगा।
राज्यपाल गुरुवार को उत्तर प्रदेश राजर्षि टंडन मुक्त विश्वविद्यालय में महिला सशक्तीकरण पर राष्ट्रीय संगोष्ठी का उद्घाटन करने के बाद पत्रकारों से रूबरू थे। उत्तर प्रदेश में भी क्या दिल्ली जैसे हालात बन रहे हैं इसका राज्यपाल ने कोई जवाब नहीं दिया। केंद्र सरकार के एक साल पूरा होने पर राज्यपाल ने कहा कि जिस दिशा में और गति से केंद्र सरकार कार्य कर रही है उससे यह धारणा मजबूत हो रही है कि पांच साल में सरकार जनता से किए वादे पूरे करने में सफल साबित होगी। अभी तक की प्रगति अच्छी है। बोले, वैसे प्रधानमंत्री जी जल्द ही उत्तर प्रदेश आने वाले हैं वह सरकार के कामकाज पर विस्तार से चर्चा करेंगे। गोरखपुर में महिला आइएएस के माली को जेल भिजवाने से ऐसा लगता है कि नौकरशाही निरंकुश हो गई है। राज्यपाल ने कहा कि गोरखपुर या फिर अन्य जगहों पर आइएएस के प्रकरण उनकी सुरक्षा से जुड़े हैं ऐसे में उस पर मेरी ओर से कुछ कहना ठीक नहीं होगा। बोले कि महिलाओं की बेहतरी देश के लिए बेहद जरूरी है। इसके पहले राज्यपाल ने महिला सशक्तीकरण गोष्ठी में मुक्त विश्वविद्यालय परिसर में बन रहे अत्याधुनिक प्रसाधन कक्ष के संबंध में जानना चाहा कि कब बनकर तैयार हो जाएगा। साथ ही यह टिप्पणी करने से नहीं चूके कि सरकारी योजनाएं समय पर कभी पूरी नहीं होतीं और उनकी लागत भी निरंतर बढ़ती रहती है। कहा कि कम से कम यहां पर सरकारी रोग न लगे।