संसद में गूंजा गौ-वंश रक्षा का मुद्दा
जासं, इलाहाबाद : फूलपुर के भाजपा सांसद केशव प्रसाद मौर्या ने गुरुवार को सदन में गौ-वंश की रक्षा का म
जासं, इलाहाबाद : फूलपुर के भाजपा सांसद केशव प्रसाद मौर्या ने गुरुवार को सदन में गौ-वंश की रक्षा का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि इतिहास गवाह है कि सन 1857 की क्रांति में शहीद मंगल पांडेय ने कारतूस चलाने का विरोध किया था, क्योंकि उसमें गाय की चर्बी लगी थी। शिवाजी ने भी गौ-वंश के हत्यारे को सजा दी थी।
सांसद ने कहा कि आजाद के इतने सालों में गौरक्षा पर कानून नहीं बना। यह आश्चर्य जनक है अब इस दिशा में कार्य होना चाहिए। बोले, गौ हत्या करने वाले को फांसी, तस्करी करने वाले को आजीवन कारावास की सजा दी जाए। साथ ही देश में चल रही पंजीकृत गौशालाओं में गौ-वंश के रखरखाव के लिए अनुदान एवं कार्य करने वाले गौ सेवकों को मानदेय दिया जाना चाहिए। इसके अलावा देश में चल रहे कत्लखानों को बंद कराया जाए। देश से मांस के निर्यात पर भी प्रतिबंध लगे और करोड़ों एकड़ भूमि को गौशालाओं को दिया जाए। उन्होंने यह भी कहा कि उत्तर प्रदेश व बिहार सहित देश के तमाम राज्यों में गौ हत्याएं हो रही हैं इसे रोकने के लिए कार्रवाई की जाए। गौवंश की रक्षा देश और धर्म की रक्षा है और गौमाता को राष्ट्र माता घोषित किया जाए।