लिच्छवी एक्सप्रेस में डाका
जागरण संवाददाता, इलाहाबाद : नई दिल्ली (आनंद विहार) से सीतामढ़ी जा रही लिच्छवी एक्सप्रेस के जनरल कोच
जागरण संवाददाता, इलाहाबाद : नई दिल्ली (आनंद विहार) से सीतामढ़ी जा रही लिच्छवी एक्सप्रेस के जनरल कोच में सवार आधा दर्जन हथियारबंद डकैतों ने बमरौली और सूबेदारगंज स्टेशन के बीच डकैती की वारदात को अंजाम दिया। घटना शुक्रवार भोर की है। डकैतों ने एक दर्जन से ज्यादा यात्रियों के साथ लूटपाट की। विरोध करने पर यात्रियों से जमकर मारपीट भी की गई। बाद में यात्रियों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही जीआरपी व आरपीएफ के अधिकारियों समेत कई थानों की पुलिस फोर्स मौके पर पहुंची। हालांकि डकैत पुलिस के हाथ नहीं लगे।
नई दिल्ली (आनंद विहार) से चलकर सीतामढ़ी जाने वाली ट्रेन संख्या 14006 लिच्छवी एक्सप्रेस शुक्रवार की देर रात 2.45 मिनट पर बमरौली स्टेशन पहुंची। ट्रेन बमरौली स्टेशन से चली और कुछ दूर जाकर खड़ी हो गई। इस बीच ट्रेन के इंजन से सटे विकलांग व महिला कोच में सवार आधा दर्जन से अधिक डकैतों ने ट्रेन के दरवाजे बंद करके कट्टे और चाकू के बल पर यात्रियों से लूटपाट करना शुरू कर दिया। यात्रियों ने जब इसका विरोध किया, तो डकैतों ने उनको पीटना शुरू कर दिया। डकैतों ने एक दर्जन यात्रियों से मोबाइल, नगदी व जेवरात लूट लिए। लूटपाट के दौरान डकैतों ने एक महिला के गले में चाकू मार दिया, जिससे वह घायल हो गई। लूटपाट के दौरान एक यात्री ने घटना की सूचना 100 नंबर पर पुलिस को दी। पुलिस कंट्रोल रूम से स्थानीय पुलिस, जीआरपी व आरपीएफ को सूचना दी गई। सूचना मिलने पर सबसे पहले खुल्दाबाद व धूमनगंज थानों की फोर्स मौके पर पहुंची। पुलिस के सायरन की आवाज सुनते ही डकैत ट्रेन से कूदकर भाग गए। थोड़ी देर बाद जीआरपी एसपी, सीओ, जीआरपी थाना प्रभारी व आरपीएफ थाना प्रभारी भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस अधिकारियों ने आसपास के इलाकों में की तलाश की, लेकिन कोई नहीं मिला। वहीं डकैती के शिकार गुस्साए यात्रियों ने मौके पर हंगामा करना शुरू कर दिया। यात्रियों का कहना था कि आधा दर्जन से ज्यादा डकैत थे और ये कानपुर से ही ट्रेन में सवार थे। यात्रियों ने जंक्शन पर पहुंच कर अज्ञात डकैतों के खिलाफ जीआरपी को तहरीर दी। जीआरपी ने डकैती का मामला दर्ज कर लिया है। एसपी जीआरपी आरके भारद्वाज का कहना है कि प्रतापगढ़ निवासी दीपक सिंह, कानपुर निवासी जिमकी प्रसाद, हाजीपुर निवासी माध्वी देवी, एटा निवासी रोहन सिंह व कानपुर देहात संदीप की तहरीर पर डकैती का मुकदमा दर्ज किया गया है। यात्रियों ने तीस हजार नगद, मोबाइल, जेवरात डकैती का मामला दर्ज कराया है। डकैतों की तलाश जारी है।
देहाती भाषा में बात कर रहे थे लुटेरे
इलाहाबाद : डकैती की वारदात को अंजाम देते समय बदमाश आपस में देहाती भाषा में बात कर रहे थे। उनकी उम्र पच्चीस साल के करीब थी। जीआरपी के मुताबिक यह बात तहरीर देते समय पीड़ित यात्रियों ने बताई। जीआरपी के मुताबिक यात्रियों की इस जानकारी पर विशेष ध्यान देते हुए मामले में आगे छानबीन की जा रही है। कानपुर सेंट्रल में लगे सीसीटीवी कैमरों के वीडियो फुटेज से भी डकैतों की पहचान की कवायद की जा रही है।