दारागंज में युवक की गोली मारकर हत्या
जासं, इलाहाबाद : दारागंज थाना क्षेत्र में अलोपीबाग दुर्गा मंदिर के पास शनिवार रात कृष्ण कुमार उर्फ ब
जासं, इलाहाबाद : दारागंज थाना क्षेत्र में अलोपीबाग दुर्गा मंदिर के पास शनिवार रात कृष्ण कुमार उर्फ बच्चा नाम के युवक को घर के नजदीक गोली मार दी गई। सीने में गोली लगने से वह गिर पड़ा तो हमलावर भाग निकले। बच्चा पर जिस वक्त हमला किया गया, उसका मौसेरा भाई वरुण भी उसके साथ था। वरुण ने मोहल्ले वालों की मदद से घायल बच्चा को अस्पताल ले जाने की कोशिश की किंतु उसके पहले ही उसकी मौत हो गई। हमले के पीछे पुरानी रंजिश को वजह बताया जा रहा है।
अलोपीबाग में दुर्गा मंदिर के बगल गली में रहने वाले कृष्ण कुमार उर्फ बच्चा कोरी (21) के पिता राजाराम की मौत हो चुकी है। उसकी मां आशा रेलवे में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी है। बच्चा कानपुर विश्वविद्यालय से बीए की पढ़ाई कर रहा था और जमीन की खरीद-फरोख्त का भी काम करता था। बच्चा राजरूपपुर में रहने वाली अपनी मौसी के घर गया था। वहां से अपने मौसेरे भाई के साथ बाइक से घर लौट रहा था। रात साढ़े दस बजे जैसे ही दोनों घर के नजदीक पहुंचे, रास्ते में खड़े तीन-चार युवकों ने उनको रोक लिया। जब तक वे कुछ समझ पाते युवकों में से एक ने तमंचा निकालकर गोली चला दी। गोली बच्चा के सीने में लगी और वह गिर पड़ा। कत्ल की सूचना पर एसपी सिटी राजेश कुमार दारागंज पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे और छानबीन शुरू की। बच्चा की मां आशा ने पुलिस को बताया कि वह उनका इकलौता पुत्र था। मोहल्ले में ही रहने वाले गुल्लू सोनकर और उसके पुत्र बच्चा से रंजिश रखते थे। कुछ दिनों पहले भी उन्होंने बच्चा से मारपीट की थी। पुलिस हमलावरों की तलाश में जुटी है। एसपी सिटी का कहना है कि अभी तक परिजनों ने कोई तहरीर नहीं दी है। मौखिक रूप से कुछ लोगों पर शक जताया है।