काका के कत्ल में शनि गिरफ्तार
जागरण संवाददाता, इलाहाबाद : मुट्ठीगंज पुलिस ने होली के दिन हुई प्रतीक उर्फ काका नामक युवक की हत्या क
जागरण संवाददाता, इलाहाबाद : मुट्ठीगंज पुलिस ने होली के दिन हुई प्रतीक उर्फ काका नामक युवक की हत्या के खुलासे का दावा किया है। उसका कहना है कि प्रतीक का कत्ल मोहल्ले में ही रहने वाले शनि नामक शख्स ने मामूली झगड़े में कर दिया था। पुलिस ने शनिवार को शनि को गिरफ्तार कर उसके पास चार जिंदा बम बरामद होने की बात बताई है।
एसएसपी दीपक कुमार ने मामले का खुलासा करते हुए कहा कि शनि ने अपना जुर्म कुबूल लिया है। उसने बताया कि छह मार्च को होली के दिन पूर्व मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी के दफ्तर के नजदीक रंगीन बालों की वाली विग लगाकर बैठा था। इसी बीच लोहिया पांडेय का हाता में रहने वाले संजय चौरसिया के पुत्र प्रतीक (21) ने उसकी विग पीछे से खींच ली। उसने विरोध किया तो प्रतीक ने अपने दोस्तों के साथ उसे घेर लिया। उसकी मां के सामने प्रतीक ने उसे पीटा और अपशब्दों का इस्तेमाल किया। इस बात से उसे मोहल्ले में अपना अपमान महसूस हुआ और वह घर से बम लेकर आया और प्रतीक पर दे मारा। बम लगने से प्रतीक के चीथड़े उड़ गए। उसकी मौके पर ही मौत हो गई तो वह पंजाब भाग निकला। शुक्रवार को वह वापस लौटा और पुलिस के हत्थे चढ़ गया।
चार जिंदा बम बरामद
हालांकि शनि की गिरफ्तारी की बरसों पुरानी पुलिसिया कहानी है। पुलिस ने हर बार की तरह इस बार भी उसे रात्रि गश्त के दौरान मुखबिरों की सूचना पर बम के साथ पकड़ा है। पकड़ने वाली टीम का नेतृत्व मुट्ठीगंज थाना प्रभारी अशोक दुबे ने किया है। लिखा-पढ़ी में उसकी गिरफ्तारी बलुआघाट बरादरी के पास दिखाई गई है।
दीवाली पर बनाया था बम
पुलिस का कहना है कि शनि को जब बलुआघाट बारादरी के पास पकड़ा गया तो उसके हाथ में एक पॉलीथिन में भरे चार जिंदा देसी बम थे। पकड़े जाने पर उसने पुलिस को बताया कि वह बम को यमुना नदी में फेंकने जा रहा था। इसीलिए वह पंजाब से यहां आया था। बम को नदी में डालने के बाद वह फिर पंजाब चला जाता। पुलिस ने जब उससे यह पूछा कि बम उसे कहां से मिला तो उसने बताया कि दीवाली के समय उसने खुद बनाया है। पुलिस की मानें तो शनि ने दीवाली के समय मिलने वाले तेज आवाज के पटाखों का बारूद निकालकर, उसमें गिट्टी और छर्रे डालकर बम तैयार किया था।