कैमरा लग जाने से सुरक्षा हो जाए, तो बड़ी बात
जागरण संवाददाता, इलाहाबाद : रेल बजट में ट्रेनों की संख्या भले ही न बढ़ी हों, मगर महिलाओं की सुरक्षा
जागरण संवाददाता, इलाहाबाद : रेल बजट में ट्रेनों की संख्या भले ही न बढ़ी हों, मगर महिलाओं की सुरक्षा के मद्देनजर कई योजनाओं की घोषणा कर दी गई। इसे लेकर कई महिलाओं में उत्साह है तो कइयों ने इसे महज एक औपचारिकता करार दिया।
मुट्ठीगंज की रहने वाली कविता यादव घरेलू महिला हैं। यूं तो उन्हें ट्रेन या बस से ज्यादा सफर नहीं करना होता, मगर वह जानती हैं कि किस तरह सफर के दौरान महिलाएं अपने आपको असुरक्षित महसूस करती हैं। वह सवाल करती हैं कि क्या ट्रेनों में सीसीटीवी कैमरे लग जाने मात्र से महिलाओं के साथ छेड़छाड़ बंद हो जाएगी। अगर इस व्यवस्था मात्र से महिलाएं सुरक्षित हो जाएं, तो रेल बजट की यह योजना वाकई में शानदार होगी।
वहीं मुट्ठीगंज की रहने वाली गृहणी कविता अग्रवाल का कहना है कि सीसीटीवी लगाने से अच्छा होता कि प्रत्येक ट्रेन में महिलाओं के लिए अलग से एक डिब्बा बढ़ा दिया जाता। पहले की अपेक्षा बड़ी संख्या में महिलाएं नौकरी कर रही हैं। ट्रेनों और बसों में महिला यात्रियों की संख्या काफी बढ़ गई है। ऐसे में महिलाओं के लिए केंद्र सरकार ने कुछ और बेहतर सोचा होता, तो शायद हम उनकी तारीफ करते।
वहीं राजरूपपुर की रहने वाली ममता भटनागर पेशे से शिक्षिका हैं। उनका कहना है कि रेल मंत्री सुरेश प्रभु का यह रेल बजट उनकी समझ में नहीं आया। वह टीवी में देख रही थीं कि किस तरह मुंबई में रहने वाली महिलाएं रोजाना लोकल ट्रेन में धक्का खाती हैं। टीवी में उनकी पीड़ा सुनकर लगा कि काश सीसीटीवी की जगह उनके लिए लोकल ट्रेनों की संख्या में इजाफा कर दिया गया होता तो बेहतर रहता।
शिक्षिका श्रुति श्रीवास्तव लूकरगंज की रहने वाली हैं। उनका कहना था कि वाकई में यह रेल बजट काफी अच्छा है। पहला तो यह कि रेल भाड़ा में कोई वृद्धि नहीं हुई। दूसरा यह कि ट्रेनों में सुविधा बढ़ाए जाने के बाबत कई घोषणाएं हुई हैं। उन्हीं की बात को आगे बढ़ाते हुए लूकरगंज की रहने वाली शिक्षिका अर्पणा कहती हैं कि उनकी जिंदगी में ऐसा पहली बार होगा, जब रेल बजट में किराये की बढ़ोतरी नहीं हुई। उनके लिए यही बहुत है।
रेल मंत्री सुरेश प्रभु द्वारा पेश किये गए बजट पर सिविल लाइंस की प्रतिमा खंडूजा, सोहबतियाबाग की राजश्री अवस्थी और मलाकराज की रहने वाली सरस्वती देवी ने भी खुशी जताई।