लुढ़का पारा, बढ़ी गलन
जागरण संवाददाता, इलाहाबाद : कश्मीर, हिमाचल व उत्तराखंड में हो रही बर्फबारी का असर इलाहाबाद में भी मह
जागरण संवाददाता, इलाहाबाद : कश्मीर, हिमाचल व उत्तराखंड में हो रही बर्फबारी का असर इलाहाबाद में भी महसूस होने लगा है। शुक्रवार को यहां का न्यूनतम तापमान लुढ़क कर लगभग पांच डिग्री सेल्सियस(डिसे) पर पहुंच गया है। इस मौसम में अभी तक का यह सबसे कम है। गलन बढ़ने से आम जनजीवन प्रभावित हुआ है। मौसम विज्ञान एस एस ओझा ने बताया कि पूरबी हवाओं ने ठंड में इजाफा किया है। आने वाले दो-चार दिनों में घना कोहरा भी छाएगा। कहा कि दिसंबर के चौथे सप्ताह के शुरुआत में बदली छाने और बूंदाबांदी भी संभव है। कड़ाके की ठंड से कई जगह लोग अलाव तापते दिख रहे हैं। वैसे, धूप निकलने से दिन के तापमान में कुछ वृद्धि रही किंतु शाम ढलते ही ठंड ने सभी को घरों में दुबकने को मजबूर कर दिया। मौसम विभाग के अनुसार न्यूनतम तापमान में अभी और कमी आएगी। शुक्रवार को अधिकतम तापमान लगभग 21 डिसे तथा न्यूनतम आर्द्रता 53 रही। जिस तरह से दो-चार दिनों में घने कोहरे की आशंका व्यक्त की जा रही है, तय है कि ट्रेनों और बसों के संचालन में दिक्कतें आएंगी।