फिर शुरू होंगे प्रधानाचार्य पदों के साक्षात्कार
राज्य ब्यूरो, इलाहाबाद : विवादों में रहे माध्यमिक विद्यालयों के प्रधानाचार्य पदों का साक्षात्कार फिर
राज्य ब्यूरो, इलाहाबाद : विवादों में रहे माध्यमिक विद्यालयों के प्रधानाचार्य पदों का साक्षात्कार फिर शुरू होगा। माध्यमिक शिक्षा सेवा चयन बोर्ड ने इसके लिए 12 जनवरी की तिथि तय की है। इस बार लखनऊ, वाराणसी, आजमगढ़, इलाहाबाद के पदों के साक्षात्कार होंगे। बोर्ड के सचिव ने बताया कि इसके लिए तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।
प्रदेश में माध्यमिक विद्यालयों के रिक्त पदों पर लंबे समय से नियुक्ति नहीं की जा सकी है। बोर्ड ने तीन साल पहले नौ सौ से अधिक पदों के के लिए विज्ञापन जारी किया था जिसके लिए लगभग 48 हजार आवेदन आए थे लेकिन साक्षात्कार की प्रक्रिया हमेशा से ही टलती रही। गत जून माह में साक्षात्कार की प्रक्रिया शुरू हुई। कई मंडलों के साक्षात्कार विवाद की स्थितियां सामने आईं। विधानसभा में साक्षात्कार को लेकर हंगामा हुआ था। शासन के इस प्रकरण में हस्तक्षेप के बाद साक्षात्कार प्रक्रिया स्थगित कर दी गई थी।
सूत्रों के अनुसार अध्यक्ष परशुराम पाल ने यह प्रक्रिया शुरू करने के लिए शासन को प्रस्ताव भेजा था जिसे मंजूरी मिल गई है। उन्होंने माध्यमिक शिक्षा मंत्री और प्रमुख सचिव को भी इस बारे में अवगत कराया। इसके बाद बोर्ड की बैठक में 12 जनवरी की तिथि भी तय कर दी गई है। साक्षात्कार शुरू होने के बाद इसके पूरा होने में लगभग एक हफ्ते का समय लगेगा।