गुपचुप तरीके से 55 रंगकर्मियों के ग्रेड निरस्त
जासं, इलाहाबाद: निश्चित दिन व समय पर स्वर परीक्षा में न पहुंचने के कारण आकाशवाणी ने शहर के लगभग 55 र
जासं, इलाहाबाद: निश्चित दिन व समय पर स्वर परीक्षा में न पहुंचने के कारण आकाशवाणी ने शहर के लगभग 55 रंगकर्मियों को बी ग्रेड सूची से बाहर कर दिया है। इससे रंगकर्मी जहां आक्रोशित हैं वहीं आकाशवाणी के अधिकारियों का कहना है कि सूचना देने के बाद भी जो नहीं आए उन्हीं का ग्रेड निरस्त किया गया है। आकाशवाणी पर प्रसारित होने वाले नाटकों के लिए रंगकर्मियों को विभिन्न ग्रेड में रखा जाता है। प्रत्येक पांच वर्ष में इनकी स्वर परीक्षा लेने का भी प्रावधान है। नाम न छापने की शर्त पर एक अधिकारी ने बताया कि 29, 30 व 31 अक्टूबर को आयोजित स्वर परीक्षा में मात्र दस लोग ही शामिल हुए थे। शेष 55 लोग बार-बार की सूचना के बाद भी नहीं आए। जो नहीं आए उनका ग्रेड निरस्त करना आवश्यक हो गया था। अधिकारियों के इस निर्णय से रंगकर्मियों में खासी नाराजगी है। इनमें से कुछ का कहना है कि वे लगभग बारह वर्षो से ग्रेड बी के कलाकार रहे हैं। विभाग ने कभी भी उनके अपग्रेडेशन व परीक्षा की जहमत नहीं उठाई। सब भाई-भतीजावाद का मामला है, जो खास थे उन्हें ही सूचित कर ग्रेड बी में पुन: रखा गया है। इन लोगों का यह भी कहना है कि डाक के माध्यम से जो सूचना इन्हें दी गई है उसमें भी खेल किया गया है। अगर ग्रेड निरस्त करने वाला पत्र मिल सकता है तो पुनर्मूल्यांकन प्रक्रिया में सम्मिलित होने वाला आमंत्रण पत्र भी जरूर मिलता। इस संदर्भ में जब कार्यक्रम अधिशासी अभिनय श्रीवास्तव से संपर्क किया गया तो उन्होंने इस प्रकरण पर न बोलते हुए सहायक कार्यक्रम निदेशक से बात करने की राय दी। उन्होंने बताया कि वे मुंबई में हैं। खैर जो भी हो, आकाशवाणी के अधिकारियों के इस निर्णय के बाद रंगकर्मी अपने भविष्य को लेकर चिंतित हैं।
'बी ग्रेड के अधिकांश रंगकर्मियों की सदस्यता रद करने का फैसला अव्यवहारिक है। विगत 14 वर्षो से मैं आकाशवाणी से जुड़ा हूं, लेकिन एक बार भी स्वर परीक्षा नहीं ली गई। सही समय पर सूचना देना भी विभाग ने मुनासिब नहीं समझा। इसमें तो कुछ गड़बड़ी दिखती है।'- अनिल भौमिक, वरिष्ठ रंगकर्मी।
'स्वर परीक्षा की जानकारी ग्रेड बी के कलाकारों को रेडियो में उद्घोषणा द्वारा व पत्र के माध्यम से दी गई थी। जो भी आए उनका नियमानुसार चयन किया गया। जो समय से नहीं आ पाए उनके लिए नवीन स्वर परीक्षा का आयोजन किया गया है। यह छह, सात व आठ जनवरी को होगा।'
- मंजूल किशोर वर्मा, सहायक केंद्र निदेशक,आकाशवाणी इलाहाबाद।