इविवि ने ईसीसी को डिग्री देने से किया इंकार
जागरण संवाददाता, इलाहाबाद : यूइंग क्रिश्चियन कॉलेज की स्वायत्ता पर एक बार फिर से खतरा मंडराने लगा है
जागरण संवाददाता, इलाहाबाद : यूइंग क्रिश्चियन कॉलेज की स्वायत्ता पर एक बार फिर से खतरा मंडराने लगा है। इलाहाबाद विश्वविद्यालय ने यूइंग क्रिश्चियन कॉलेज से विश्वविद्यालय का स्वायत्त अंग होने का प्रमाण मांगते हुए डिग्री देने से इंकार कर दिया है। विश्वविद्यालय से डिग्री न मिल पाने के कारण 22 नवम्बर को होने वाला दीक्षांत समारोह कॉलेज प्रशासन को रद्द करना पड़ गया। विश्वविद्यालय ने ईसीसी द्वारा आयोजित होने वाली परीक्षाओं पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।
दरअसल यूइंग क्रिश्चियन कॉलेज को विश्वविद्यालय का स्वायत्त अंग माना जाता है। कॉलेज अपनी प्रवेश परीक्षाएं, वार्षिक परीक्षाएं, कॉलेज की फीस निर्धारण सभी कुछ स्वयं करती है। यहां तक की कॉलेज अपनी मार्कशीट भी खुद ही तैयार करवाती है, लेकिन डिग्री के लिए उसे विश्वविद्यालय के उपर निर्भर रहना पड़ता है। कॉलेज के मनमाने रवैये के से नाराज विश्वविद्यालय ने ईसीसी कॉलेज प्रशासन से कई दस्तावेज मांगे हैं। परीक्षा नियंत्रक प्रो. एचएस उपाध्याय ने कॉलेज से उनकी स्वायत्ता के प्रमाण सहित उसकी सीमा व अन्य सात बिंदुओं पर जवाब मांगा है। जवाब मिलने तक कॉलेज को डिग्री देने से भी इंकार कर दिया है। विश्वविद्यालय से डिग्री न मिल पाने के कारण 22 नवम्बर को कॉलेज में होने वाला दीक्षांत समारोह भी रद्द हो गया। उधर, कॉलेज प्राचार्य डा. एम मैसी का कहना है कि विश्वविद्यालय ने कॉलेज को 1994 में स्वायत्त कॉलेज का दर्जा दिया था। वर्ष 2007 में कॉलेज की स्वायत्ता पर सवाल उठने पर अध्यादेश के मुताबिक कुल 409 पेज के अभिलेख विश्वविद्यालय प्रशासन को मुहैया कराया गया था। उन्होंने कहा कि परीक्षा नियंत्रक द्वारा मांगे गए अभिलेख जल्द ही उन्हें उपलब्ध करा दिए जाएगें।
----------
इसलिए उठे सवाल
1. विश्वविद्यालय के परीक्षा समिति के बिना मंजूरी के बगैर परीक्षा संचालन करवाना।
2. परीक्षा से संबंधित किसी भी जानकारी को विश्वविद्यालय से साझा न करना।
3. परीक्षा के लिए खुद प्रश्न पत्र तैयार करवाना।
4. कॉपियों के मूल्यांकन की जानकारी भी विवि को न देना।
3. मार्कशीट भी खुद तैयार करवाना।
4. मनमानी फीस निर्धारण करना।
5. कॉलेज में खुद की परीक्षा समिति का गठन करना।
-------
पंत संस्थान की रहती है पूरी जानकारी
यूइंग क्रिश्चियन कॉलेज की तरह गोविंद वल्लभ पंत सामाजिक संस्थान भी इलाहाबाद विश्वविद्यालय का स्वायत्त अंग है। लेकिन संस्थान की सभी परीक्षाएं विश्वविद्यालय द्वारा संचालित की जाती हैं व उनकी मार्कशीट भी विश्वविद्यालय द्वारा दी जाती है।
-------------
यूइंग क्रिश्चियन कॉलेज के किसी भी कार्यक्रम की जानकारी विश्वविद्यालय को नहीं मिलती है। ऐसे में कॉलेज प्रशासन से कई बिंदुओं पर दस्तावेज मांगे गए हैं। मिलने के बाद परीक्षा समिति द्वारा आगे का निर्णय लिया जाएगा।
प्रो.एचएस उपाध्याय
परीक्षा नियंत्रक