डांस से मना किया तो कोषाध्यक्ष को पीटा
जासं, इलाहाबाद : रविवार की रात कटरा में निकल रही रामलीला चौकी के दौरान अराजकतत्वों को डांस करने से मना किया गया तो वह समिति के पदाधिकारियों पर टूट पड़े। उन्होंने कटरा रामलीला समिति के कोषाध्यक्ष सुधीर कुमार गुप्ता की पिटाई शुरू कर दी। बचाव के लिए उतरे ऐश्वर्य, अमन और ऋषभ समेत कई अन्य लोगों के साथ मारपीट करते हुए कपड़े फाड़ डाले और जंजीर लूट ली। सरेराह मारपीट देख मुहल्ले वाले निकल पड़े तो अराजकतत्व भाग निकले। लोगों ने पुलिस को सूचना दी लेकिन समय पर नहीं पहुंची। इससे नाराज पदाधिकारियोंने रास्ता जाम करते हंगामा शुरू कर दिया। जब पुलिस पहुंची तो समिति के पदाधिकारियों और पुलिस ने नोकझोंक होने लगी। करीब एक घंटे तक चले हंगामे के बाद एसपी क्राइम एके पांडेय मौके पर पहुंचे और लोगों से सुरक्षा का आश्वासन दिया तब कहीं जाकर मामला शांत हुआ। समिति की ओर से अज्ञात लोगों के खिलाफ लूट, मारपीट की तहरीर दी गई। घटना रात करीब सवा 12 बजे की है। अल्लापुर में शामिल होने के लिए एक चौकी कटरा से निकल रही थी। चौकी नेतराम चौराहे के पास पहुंची तभी वहां खड़े युवक चौकी रुकवा लिए। इसके बाद फुल साउंड बजाकर डांस करने की बात कहने लगे। इस पर समिति के कोषाध्यक्ष सुधीर कुमार ने मना किया तो विवाद करने लगे। देखते ही देखते युवकों ने मारपीट शुरू कर दी।