ऊर्जा राष्ट्र की मौलिक आवश्यकता-प्रो. चक्रवर्ती
जागरण संवाददाता, इलाहाबाद :ऊर्जा हर राष्ट्र की मौलिक आवश्यकता है। परमाणु ऊर्जा देश की अर्थव्यवस्था, विकास और समृद्धि में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है। उक्त बातें बुधवार को मोतीलाल नेहरू राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एमएनएनआईटी) में भाभा परमाणु अनुसंधान केन्द्र की ओर से आयोजित हीरक जयन्ती समारोह को सम्बोधित करते हुए संस्थान के निदेशक प्रो. पी चक्रवर्ती ने कहीं।
'देश के समृद्धि एवं विकास के लिए परमाणु ऊर्जा' विषय पर आयोजित गोष्ठी को मीडिया रिलेशन एवं पब्लिक अवेयरनेस, भाभा परमाणु अनुसंधान केन्द्र के प्रमुख आरके सिंह, केके राय व नन्द किशोर ने भी सम्बोधित किया। इस दौरान भाभा परमाणु अनुसंधान केन्द्र, मुम्बई के वैज्ञानिकों की ओर से तकनीकी प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। प्रदर्शनी में छात्र-छात्राओं और शिक्षकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। इस दौरान पोस्टर गैलरी, इंटरैक्टिव मॉडल, एलडीसी प्रजेंटेशन व कियोस्क का प्रदर्शन किया गया।