दिनदहाड़े डॉक्टर के घर लाखों की चोरी
फाफामऊ, इलाहाबाद : फाफामऊ की शांतिपुरम कॉलोनी में रहने वाले डॉक्टर जीके सिंह के मंगलवार की दोपहर चोरों ने नकदी और लाखों के गहने उड़ा दिए। वारदात को उस वक्त अंजाम दिया गया जब वह स्वास्थ्य केंद्र में थे और पत्नी पढ़ाने के लिए स्कूल गई थी। शाम को वह घर लौटे तो उन्हें चोरों की करतूत का पता चला। डॉक्टर की सूचना पर फाफामऊ पुलिस और डॉग स्क्वायड की टीम ने मौका-मुआयना कर चोरों की सुरागरसी की मगर चोरों का पता नहीं चल सका।
शांतिपुरम कॉलोनी में रहने वाले जीके सिंह सरकारी चिकित्सक हैं। वह सोरांव के प्राथमिक स्वास्थ केंद्र में तैनात हैं। उनकी पत्नी महर्षि पतंजलि स्कूल में शिक्षिका हैं। सुबह जीके सिंह स्वास्थ केंद्र चले गए और उनकी पत्नी विनीता सिंह स्कूल। बच्चे भी स्कूल जा चुके थे। दोपहर में चोरों ने मौके का फायदा उठाते हुए उनके मुख्य गेट पर लगा ताला तोड़ दिया और अंदर घुस गए। कमरों में लगे ताले तोड़कर बेडरूम में घुसे। वहां से चोरों ने लगभग 70 हजार की नकदी व पांच लाख के गहनों पर हाथ फेर दिया। शाम लगभग चार बजे डॉक्टर घर लौटे तो उन्हें चोरों की कारस्तानी का पता चला। उन्होंने फाफामऊ पुलिस चौकी में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।