अल्लापुर में सरेराह ठेकेदार को मारी गोली
जागरण संवादाता, इलाहाबाद : जार्जटाउन थानाक्षेत्र के कुंदन गेस्ट हाउस के निकट मंगलवार रात बाइक सवार बदमाशों ने अंडा खरीद रहे ठेकेदार विनोद नामक युवक पर फायर झोंक दिया। जिसमें बगल का दुकानदार मो. कय्यूम भी जख्मी हो गया। फायरिंग की आवाज सुनते ही आसपास के लोग मौके पर जुटे और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोंनो को अस्पताल में भर्ती कराया। कुछ देर बाद एसपी सिटी राजेश यादव समेत कई सीओ और विभिन्न थानों की फोर्स अस्पताल पहुंचकर जांच पड़ताल की। फायरिंग की वजह पुरानी अदावत बताई जा रही है।
अल्लापुर मुहल्ले के कुंदन गेस्ट हाउस के निकट रहने वाले संगम लाल का बेटा विनोद उर्फ पुट्टी (35) ठेकेदारी करता है। इसी मुहल्ले में ही बहादुरगंज के रहने वाले मो. आसिफ का बेटा मो. कय्यूम (47) गोश्त की दुकान चलाता है। बताते हैं कि रात करीब नौ बजे पुट्टी एक दुकान पर अंडा खरीद रहा था। जबकि कय्यूम दुकान बंद कर रहा था। तभी पीछे से एक बाइक पर सवार तीन बदमाश आए और तमंचे से फायर झोंक दिया। तमंचे से निकली गोली पुट्टी के सिर को चीरती हुई निकल गई तो दर्जनों छर्रे कय्यूम को लग गए। जिससे दोनों लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़े। फायरिंग सुन आसपास के लोग वहां पहुंचे तो दोनों सड़क पर पड़े थे। लोगों ने पुलिस को सूचना दी तो जार्जटाउन थाने की फोर्स मौके पर पहुंची और उन्हें अस्पताल भिजवाया। पीछे-पीछे परिजन भी वहां पहुंच गए। मामले की जानकारी उच्चाधिकारियों को हुई तो एसपी सिटी राजेश यादव, सीओ प्रथम और चतुर्थ के साथ ही कई थाने की फोर्स अस्पताल पहुंची। यहां पूछताछ में पुट्टी ने आरोप लगाया कि क्षेत्र में रहने वाला पप्पू सोनकर सुअर पालन करता है। करीब डेढ़ साल पहले उसे सुअर न छोड़ने की बात कही गई तो विवाद करने लगा और फिर बाद में गोली मरवा दी। जिसके बाद वह जेल चला गया। इसी मामले में वह सुलह समझौता कराने का दबाव बना रहा था लेकिन पुट्टी ने ऐसा नहीं किया। आरोप है कि पप्पू ने ही जान से मारने की नीयत से गोली चलवाई है। फिलहाल पुलिस का कहना है कि विनोद की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।
....
विनोद पर भी दर्ज हैं आधा दर्जन मुकदमे
गोली से घायल विनोद उर्फ पुट्टी पर भी कई मामले दर्ज हैं। थानाध्यक्ष जार्जटाउन बिहागड़ सिंह यादव ने बताया कि विनोद भी शातिर बदमाश है। इसके खिलाफ चोरी, स्मैक बेचने, छिनैती करने समेत करीब आधा दर्जन मुकदमे दर्ज हैं। फिलहाल दोनों आपराधिक पृष्ठभूमि के हैं और इनके बीच पुरानी रंजिश है। ऐसे में मामले की जांच हर एंगल से की जा रही है।