प्रयागवाल सभा ने संगम पर की सफाई
जागरण संवाददाता, इलाहाबाद : गंगातट पर लोगों को धर्म-कर्म की सीख देने वाले तीर्थ पुरोहित गंगा की अविरलता और निर्मलता की मुहिम में जोर-शोर से जुट गए हैं। 'गंगा जागरण यात्रा' की संकल्पना को साकार करने के लिए तीर्थ पुरोहित संस्था प्रयागवाल सभा के पदाधिकारियों ने रविवार को संगम नोज पर घंटों सफाई की। अजय कुमार पांडेय और राजेंद्र पालीवाल के नेतृत्व में तीर्थ पुरोहितों ने घाट किनारे से पूजन सामग्री, फूल, फटे-पुराने कपड़े एकत्रित कर उसे नष्ट किया। स्नान-दान करने आए यजमानों को गंगा रक्षा का संकल्प दिलाया। राजेंद्र पालीवाल ने कहा कि गंगा भारतीय संस्कृति की प्राण और आस्था का केंद्र होने के साथ हमारी रोजी-रोटी का भी साधन हैं। तीर्थ पुरोहितों का तो गंगा से जन्म-जन्मांतर का नाता है, उनकी निर्मलता व अविरलता के लिए हम हर त्याग को तत्पर हैं। सफाई अभियान में श्याम मिश्र, उदय पांडेय, दिलीप मिश्र, सुशील प्रोहा, बच्चनी पंडा, प्रभाकर पांडेय, मनोज शर्मा आदि शामिल हुए।