बढ़ते अपराध पर भाजपाइयों का धरना-प्रदर्शन
जागरण संवाददाता, इलाहाबाद : सूबे में बढ़ते अपराध, कांठ प्रकरण और कार्यकर्ताओं के उत्पीड़न के मसले पर शनिवार को भाजपा जिला इकाई एवं महानगर इकाई की तरफ से अलग-अलग धरना-प्रदर्शन किया गया। इस अवसर पर बिजली-पानी की समस्या पर भी पार्टी ने प्रदेश सरकार को कटघरे में खड़ा किया।
जिलाध्यक्ष रामरक्षा द्विवेदी के नेतृत्व में सुभाष चौराहा, सिविल लाइंस में कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। जिलाध्यक्ष ने कहा कि प्रदेश सरकार अपनी अलोकप्रियता से घबरा गई है। फूलपुर सांसद केशव प्रसाद मौर्य ने आरोप लगाया कि सरकार अपने नेताओं के गलत कार्यो पर नियंत्रण लगाने के बजाय भाजपा नेताओं का सांप्रदायिक आधार पर उत्पीड़न कर रही है। प्रदर्शन में विदुप अग्रहरि, श्याम बिहारी पांडेय, श्यामधर मिश्र, दिनेश तिवारी, राजेश शुक्ल, कन्हैया लाल पांडेय, रामानुज शुक्ल, सुरेश मिश्र, वीरेंद्र बहादुर सिंह आदि शामिल थे। उधर, महानगर इकाई की ओर से कचेहरी में धरना दिया गया। धरने का नेतृत्व कर रहीं महानगर अध्यक्ष शशि वाष्र्णेय ने आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार एक वर्ग विशेष को खुश करने के लिए धार्मिक स्थलों पर लाउड स्पीकर लगाने के लिए मना करती है। विरोध करने पर पार्टी कार्यकर्ताओं का उत्पीड़न किया जाता है। पार्टी ने मुरादाबाद के एसएसपी की गिरफ्तारी की मांग की। धरने का संचालन युवा मोर्चा के अध्यक्ष नरसिंह ने की। धरने में मीडिया प्रभारी राजीव गुप्ता, महामंत्री कमलेश कुमार, रमेश ओझा, शैलेंद्र मिश्रा, शीला अग्निहोत्री, गिरिशंकर प्रभाकर, रणजीत सिंह, अनामिका चौधरी आदि शामिल थीं।