वार्डन ने फांसी लगाकर दी जान
जागरण संवाददाता, इलाहाबाद : कर्नलगंज थानाक्षेत्र के ओम गायत्री नगर मुहल्ले में रहने वाले एक इंटर कॉलेज के वार्डन जय प्रकाश सिंह (40) ने गुरुवार रात फांसी लगाकर जान दे दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने छानबीन की, लेकिन कोई सुसाइड नोट नहीं मिला जिसके बाद शव को अंत्य परीक्षण के लिए भेज दिया गया।
ओम गायत्री नगर में रहने वाले राम अखबाल सिंह का बेटा जय प्रकाश फतेहपुर जिले के सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में वार्डन था। उसकी पत्नी चंदा दो बच्चों राज नंदिनी व आलोक सिंह को लेकर दो सप्ताह पहले बक्सर बिहार चली गई थी। जय प्रकाश 22 जुलाई को फतेहपुर से घर आया तो पत्नी के न होने पर परेशान हो गया। पत्नी से फोन पर बात न हुई तो वह अवसाद में रहने लगा। गुरुवार रात रस्सी का फंदा बनाकर वह पंखे से झूल गया। शुक्रवार सुबह भाई वीके सिंह जगाने गया तो जय प्रकाश को फांसी के फंदे से झूलते देखा। उसकी सूचना पर कर्नलगंज पुलिस मौके पर पहुंची। कमरे की तलाशी ली गई किंतु वहां से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला। इंस्पेक्टर कर्नलगंज आरके सिंह का कहना है कि जयप्रकाश की पत्नी उसे छोड़कर मायके चली गई थी। संभवत: इसीलिए उसने आत्मघाती कदम उठा लिया। हालांकि परिजन आत्महत्या का कोई कारण नहीं बता पा रहे हैं।