शिकायत की तो डॉक्टर ही बन गए 'यमदूत', मरीजों को दी धमकी
हैरत की बात ये है कि उगाही की खबर छपने के बाद भी अस्पताल प्रबंधन ने सुध नहीं ली।
अलीगढ़ (जागरण संवाददाता)। किसी मरीज के लिए डॉक्टर भगवान से कम नहीं होता। लेकिन अलीगढ़ में कुछ ऐसा हुआ जिससे मरीजों का डॉक्टर से भरोसा ही उठ जाए। ऑपरेशन के लिए उगाही की शिकायत होने पर एक सर्जन ने मरीजों से खूब अभद्रता की।
उन्हें वार्ड छोड़ने के लिए धमकाया। कर्मचारियों ने भी मरीजों को डराया। डरे सहमे मरीजों ने दबी जुबान में जागरण को आपबीती सुनाई। हैरत की बात ये है कि उगाही की खबर छपने के बाद भी अस्पताल प्रबंधन ने सुध नहीं ली।
ये था मामला: जिला अस्पताल में सर्जन व आर्थोपेडिक सर्जन के खिलाफ ऑपरेशन के लिए मरीजों से वसूली की शिकायतें मिल रही थीं। पिछले दिनों इलाज न मिलने की शिकायत पर जिला अस्पताल पहुंचे शहर विधायक संजीव राजा व महापौर शकुंतला भारती ने भी ऑपरेशन के लिए वसूली पर नाराजगी जताई। दैनिक जागरण ने रविवार को सर्जिकल वार्ड में हकीकत जानने का प्रयास किया। तमाम मरीजों ने ऑपरेशन के लिए पैसे देने की बात कही।
खबर छपने पर भड़के डॉक्टर: सोमवार को जागरण टीम एक बार फिर से वार्ड में पहुंची और मरीजों से बात की। डरे-सहमे मरीजों ने बताया कि सुबह होते ही सर्जन वार्ड में आ धमके। मरीजों की रिपोर्ट फेंक दी। इलाज तक करने से इंकार कर दिया। उन्हें खूब डांटा और अपमानित किया। अस्पताल से भाग जाने तक की चेतावनी दी। वार्ड के कर्मचारियों ने भी मरीजों को डराया-धमकाया।
यह भी पढ़ें: मेरठ में ताला तोड़ने पर विवाद हुआ तो महिला ने कर दी जेठ की पिटाई
एडी से शिकायत: ऑपरेशन के लिए वसूली और धमकाए जाने की शिकायत एडी हेल्थ डॉ. गीता प्रधान तक पहुंच गई। उन्होंने अस्पताल की हालत पर चिंता तो जताई मगर सीधे किसी कार्रवाई से असमर्थता भी जता दी। सीएमएस ने दूसरे दिन भी दोपहर तक इस मामले की सुध नहीं ली।
यह भी पढ़ें: योग दिवस पर अब लखनऊ में विरोध नहीं करेंगे किसान