गोरक्षक बताएं कि रिजिजू की जीभ कौन काटेगा : चक्रपाणि
जागरण संवाददाता, अलीगढ़ : खुद को अखिल भारत ¨हदू महासभा का राष्ट्रीय अध्यक्ष बताने वाले व संत समाज के
जागरण संवाददाता, अलीगढ़ : खुद को अखिल भारत ¨हदू महासभा का राष्ट्रीय अध्यक्ष बताने वाले व संत समाज के राष्ट्रीय अध्यक्ष स्वामी चक्रपाणि ने सोमवार को अलीगढ़ में केंद्रीय गृह राज्यमंत्री किरण रिजिजू पर तल्ख टिप्पणी की। कहा, देशभर में गोरक्षक गोमांस खाने वालों की जीभ काटने की बात करते हैं, वो ये बताएं कि किरण रिजिजू खुद स्वीकार करते हैं कि वे गोमांस खाते हैं तो उनकी जीभ कौन काटेगा? चक्रपाणि ने कहा कि भाजपा गोमाता, राममंदिर निर्माण जैसे विषयों पर सिर्फ राजनीति करती है।
यहां सासनीगेट पर एडीए कॉलोनी में कौमी एकता मंच के कार्यक्रम में आए स्वामी चक्रपाणि ने कहा कि केंद्र सरकार को गोहत्या रोकने के लिए ऐसा कानून बनाना चाहिए, जो जम्मू-कश्मीर से लेकर कन्या कुमारी तक लागू हो। उन्होंने सभी यांत्रिक कत्लखानों को बंद करने की भी मांग की। केंद्र की मोदी व प्रदेश की योगी सरकार को फेल बताया। कहा, एकतरफ तो प्रधानमंत्री अमेरिकी राष्ट्रपति से पाकिस्तान को आतंकी देश घोषित करने की मांग करते हैं, दूसरी ओर पाकिस्तान के साथ क्रिकेट मैच कराकर गलबहियां करते हैं। भाजपा ने अफजल की फांसी का विरोध करने वाली पीडीपी से जम्मू-कश्मीर में गठबंधन कर लिया। इसी के चलते अलगाववादी देश के जवानों पर पत्थरबाजी कर रहे हैं। दूसरी तरफ अखिल भारत ¨हदू महासभा की स्थानीय इकाई ने चक्रपाणि के विरोध का दावा तो किया था, मगर वह सामने नहीं आई। कहीं कोई विरोध नहीं हुआ। कौमी एकता मंच के प्रदेश अध्यक्ष मनोज सक्सेना ने सभी का आभार जताया। सलीम मेव, आलोक सहारिया, अजुन सक्सेना, राजन सचदेवा, प्रवीर सक्सेना, अनुपम सक्सेना आदि मौजूद थे।
2007 में योगी आए थे हमारे पास : स्वामी चक्रपाणि ने गोरक्षपीठाधीश्वर योगी आदित्यनाथ पर भी हमला बोला। कहा, सहारनपुर में क्षत्रियों व दलितों में बवाल होने के बाद भी मुख्यमंत्री वहां नहीं गए। पहले वह खूब तेवर दिखाते थे। यही योगी भाजपा से नाराज होकर 2007 में उनके पास आए थे।