नारायण की भक्ति में ही परम आनंद : सुरेश
अलीगढ़: गभाना क्षेत्र के गांव ऐंचना में चल रही श्रीमद् भागवत कथा के तीसरे दिन गुरुवार को कथा वाचक पं
अलीगढ़: गभाना क्षेत्र के गांव ऐंचना में चल रही श्रीमद् भागवत कथा के तीसरे दिन गुरुवार को कथा वाचक पंडित सुरेश चंद्र सारस्वत ने भागवत कथा का वर्णन किया। उन्होंने कहा कि नारायण की भक्ति में ही परम आनंद आता है। उसकी वाणी सागर का मोती बन जाती है। वह ईश्वर के रस में डूब जाता है। भगवान प्रेम के भूखे हैं। वासना का त्याग करके ही प्रभु से मिलन संभव है। वासना को वस्त्र की भांति त्याग देना चाहिए। भागवत कथा का जो श्रवण करता है उसके पास भगवान का आशीर्वाद बना रहता है। इस दौरान उन्होंने नवरात्र प्रसंग और श्री राम चरित्र का भी वर्णन किया। कथा के बीच में मनमोहक झांकियां निकाली गई। आयोजन में समस्त ग्रामवासी मौजूद थे।
वहीं कस्बे के शिव मंदिर पर चल रही श्रीमद् भागवत कथा के तीसरे दिन गुरुवार को कथा व्यास नारायण देव ने राजा परीक्षित और कलयुग का संवाद सुनाया। उन्होंने कहा कि कलयुग में भक्त को वह फल प्राप्त होता है, जो कि उसे अन्य युगों में नहीं मिल पाता है। उन्होंने बताया कि भागवत कथा सुनने से तन और मन शुद्ध हो जाते हैं। ये कथा मात्र कथा नहीं है बल्कि यदि व्यक्ति इस कथा को सुन ले तो उसका जीवन सकारात्मक दिशा में अग्रसर होता है। आयोजन में गंगा प्रसाद शर्मा, गोपालदास, हरिओम अग्रवाल, नीरज सिंह, जितेंद्र कुमार शर्मा, देवेंद्र शर्मा, संजू सिंह, विजय लक्ष्मी, पूजा शर्मा, निशा अग्रवाल आदि का सहयोग रहा।