गिरा पारा, बढ़ी शीतलहरी, कंपकंपा रही सारी नगरी
जागरण संवाददाता, अलीगढ़ : कड़ाके की ठंड से बुधवार को पूरा जिला कांप उठा। कोहरे के आगोश में सुबह हुई त
जागरण संवाददाता, अलीगढ़ : कड़ाके की ठंड से बुधवार को पूरा जिला कांप उठा। कोहरे के आगोश में सुबह हुई तो शाम तक भयंकर शीतलहर चली। सूर्यदेव के दो दिन से दर्शन नहीं हुए। किसी को अंदाजा नहीं था कि दिसंबर के पहले सप्ताह से ही हाड़ कंपाने वाली ठंड शुरू हो जाएगी। भीषण ठंड व कोहरे के चलते जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो गया। वाहनों के पहिए थम गए हैं तो लोग घरों से जरूरत पड़ने पर निकल रहे हैं।
इधर, दो-तीन वर्षो से कड़ाके की ठंड की शुरुआत 20 दिसंबर के करीब हो रही थी। मगर इस बार ठंड ने पहले ही दस्तक दे दी। बुधवार की सुबह कोहरे की चादर ओढ़े निकली। सुबह आठ बजे तक घने कोहरे के चलते चार कदम आगे तक दिखाई नहीं दे रहा था। वाहनों की गति धीमी थी तो सड़क पर वाहन भी कम दिखाई दिये। तीन दिनों के भीतर अधिकतम तापमान सीधे 9 डिग्री नीचे लुढ़क गया। पांच दिसंबर को अधिकतम तापमान 25.4 डिग्री था, जबकि बुधवार को अधिकतम तापमान 14. 6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
ठंड से कांप उठे बच्चे
बुधवार को कड़ाके की ठंड से स्कूली बच्चे कांप उठे। सुबह 6.30 बजे बसों के इंतजार में बच्चे कांपते नजर आएं। रामघाट रोड, जीटी रोड, स्वर्ण जयंती नगर, एटा बाईपास रोड आदि स्थानों पर बच्चों का खड़ा होना मुश्किल हो रहा था। दोहपर के समय अधिकांश अभिभावक बच्चों को स्कूल लेने स्वयं पहुंच गए।
कोयले व लकड़ी की बिक्री बढ़ी
नोटबंदी के असर से इस बार कोयले व लकड़ी की बिक्री भी कुछ कम हो रही है। हालांकि, बुधवार को ठंड के चलते अचलताल, जीटी रोड व आगरा रोड पर जरूरत के हिसाब से लकड़ी व कोयला खरीदा, जिससे ठंड से बचा जा सके।
पांच दिनों का तापमान
तिथि-अधिकतम-न्यूनतम
3- 24.2 -11.4
4- 24.4 -11.2
5- 25.4 -10.6
6- 15.6 -10.6
7- 14.6 -11.0