किसानों पर डोरे डालेंगे राहुल
जागरण संवाददाता, अलीगढ़ '27 साल यूपी बेहाल' का नारा लगाकर विधानसभा चुनाव में करिश्मे की उम्मीद सं
जागरण संवाददाता, अलीगढ़
'27 साल यूपी बेहाल' का नारा लगाकर विधानसभा चुनाव में करिश्मे की उम्मीद संजोये राहुल गांधी शुक्रवार को यहां दो इरादे लेकर दाखिल होंगे। एक, मुस्लिम वोटरों को रिझाना। दो, जाटों में पैठ बनाना। शहर का पूरा दौरा कोल सीट केंद्रित है। पिछली बार यहां कांग्रेस प्रत्याशी विवेक बंसल सपा से मात्र 599 वोट से हारे थे। पार्टी मुस्लिम मतों में सेंध बढ़ाकर जीत पक्की करना चाहती है। पार्टी ने राहुल के रोड-शो का अधिकांश हिस्सा यहीं रखा है। जिले की बाकी छह सीटों पर जमानत बचानी भारी पड़ गई थी।
जाट लैंड पर नजर
इगलास सुरक्षित सीट है। यहां वही जीतता है, जिसे जाट वोटर चाहते हैं। मिनी छपरौली कही जाने वाली इस सीट पर सर्वाधिक जाटों का ही कब्जा रहा है। यहां 1952 में श्यौदान सिंह, 1957 में किशोरी रमन सिंह, 1959 में एल सिंह, 1962 में श्यौदान सिंह, 1967 में एमएल गौतम, 1969 में पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह की पत्नी गायत्री देवी, 1974 व 1980 में राजेंद्र सिंह, 1989 में चौधरी बिजेंद्र सिंह, 1991 में चौ. अजित सिंह की बहन ज्ञानवती, 1993 में चौ. बिजेंद्र सिंह, 2004 में मुकुल उपाध्याय, 2007 में विमलेश चौधरी और 2012 में त्रिलोकी राम दिवाकर जीते। पूर्व सांसद चौ. बिजेंद्र सिंह यहां से तीन बार विधायक बने। वे 2004 में सांसद बन गए। पार्टी यहां जाटों को लुभाकर बिजेंद्र का रुतबा बढ़ाना चाहती है।