गर्मी की मार..पारा 40 पार
जागरण संवाददाता, अलीगढ़ : कड़ी धूप और गर्म हवा से लोगों का हाल बेहाल हो रहा है। गुरुवार को पारा 41 डि
जागरण संवाददाता, अलीगढ़ : कड़ी धूप और गर्म हवा से लोगों का हाल बेहाल हो रहा है। गुरुवार को पारा 41 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। दोपहर के समय रामघाट रोड व जीटी रोड पर अन्य दिनों की अपेक्षा वाहनों की संख्या काफी कम थी। जाम में फंसे लोग भी गर्मी से परेशान हो उठे। अभी ये हाल है तो मई, जून में क्या स्थिति होगी, इसको सोचकर लोगों के पसीने छूट रहे हैं।
हफ्तेभर पहले बूंदाबांदी से मौसम में कुछ परिवर्तन आया था। मगर, दो दिनों से गर्मी पूरे चरम पर है। गुरुवार को सुबह से ही गर्मी के तेवर तल्ख थे। 10 बजे इतनी कड़ी धूप थी, लग रहा था मानों दोपहर का समय हो। दोपहर के समय तो धूप बर्दास्त के बाहर लग रही थी। स्कूल की छुट्टी हुई तो बच्चों को भी सड़क पर खड़ा होना मुश्किल हो रहा था। अभिभावक छाता लेकर पहुंचे। खुले रिक्शे में तो बच्चों के चेहरे पर गर्मी की बेचैनी साफ देखी जा रही थी। मुख्य सड़कों पर सन्नाटा दिखा, जरूरत पड़ने पर ही लोग घरों से निकल रहे थे।
लू सी लगी हवा
गर्म हवा ने लू सा काम किया। लोगों के चेहरे पर गर्मी की बेचैनी साफ देखी जा रही थी। गर्म हवा से बचने के लिए सिर और चेहरा ढककर लोग निकल रहे थे।
नींबू व खीरा खूब बिके
गर्मी से बचने के उपाय करते लोग दिखाई दिए। गले को तर करने के लिए सड़क पर नींबू पानी का लोग सहारा ले रहे थे। पना व शिकंजी पीकर कुछ राहत पाने की कोशिश की। खीरा व ककड़ी की बिक्री भी खूब हुई।
ट्रेन व बसों में हाल-बेहाल
गर्मी के चलते ट्रेन व बसों में यात्रियों का हाल-बेहाल रहा। अलीगढ़ रेलवे स्टेशन पर ट्रेन रुकते ही यात्री पानी की तरफ दौड़ पड़ते। गांधीपार्क रोडवेज बस अड्डे पर भी यही हाल था।
पानी की बढ़ी समस्या
गर्मी के मौसम में पानी की समस्या बढ़ गई। नई बस्ती में तो गंदा पानी आ रहा है। सरदार भूपिंदर सिंह ने बताया कि टोंटी में कपड़ा बांधकर काम चला रहे हैं, मगर उसमें भी मिट्टी जमी हुई दिखाई दे जाती है। खाईडोरा व सराय हकीम में भी शाम के समय घरों में काफी धीमे पानी आ रहा था। एक बाल्टी पानी भरने में काफी वक्त लग रहा था।
हैंडपंप दे रहे जवाब
गर्मी के मौसम में अनेक स्थानों पर हैंडपंप जवाब दे रहे हैं। निधिवन कॉलोनी, खाईडोरा, शाहपाड़ा व सुरेंद्र नगर स्थित रावणटीला में हैंडपंप ने पानी देना बंद कर दिया। इससे लोगों की समस्या बढ़ती जा रही है।
पानी की बर्बादी
भीषण गर्मी में जहां कुछ लोगों को एक-एक बूंद पानी की चिंता है, वहीं कई मुहल्लों में बेतहाशा पानी बर्बाद हो रहा है। महेंद्र नगर, पला साहिबाबाद, अचलताल आदि मुहल्लों में सुबह नल की टोटियों से पानी गिरता रहता है।