जमीन की खातिर बेटे ने की थी पिता की हत्या
अलीगढ़ : थाना पालीमुकीमपुर क्षेत्र के गाव चंदियाना रामपुर में सात दिन पहले हुई महेद्र सिंह की हत्या
अलीगढ़ : थाना पालीमुकीमपुर क्षेत्र के गाव चंदियाना रामपुर में सात दिन पहले हुई महेद्र सिंह की हत्या का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। उनकी हत्या जमीन की खातिर की गई थी। मृतक के बेटे व उसके दोस्त को हिरासत में ले लिया है। दोनों ने हत्या का जुर्म कबूल कर लिया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
थाना पालीमुकीमपुर प्रभारी सुभाषचंद्र यादव ने बताया कि 29 जुलाई को रामपुर चंदियाना निवासी महेद्र सिंह की खेत से भूसा लाते समय ईटों से कुचलकर हत्या कर दी गई थी। महेद्र के पुत्र सुनील ने अज्ञात के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट कराई थी। एसओ ने बताया कि महेद्र के गाव की ही एक महिला से अवैध संबंध थे, जिसके चलते मृतक अपने परिवार से अधिक मतलब नही रखता था। महिला के चक्कर में आकर महेद्र ने करीब 55 बीघा खेत भी बेच दिया था। उसके बाद बची जमीन को भी बेचने की फिराक में था। यह बात परिजनों को मालूम हुई तो उन्होंने पिता को समझाने की कोशिश की मगर वह नही माना और अपनी जिद पर ही अड़ा रहा। जिसके चलते उसके बड़े बेटे सुनील ने अपने दोस्त हरिओम पुत्र रामदास निवासी भूपालगढ़ी के साथ मिलकर पिता को मारने का प्लान बना लिया। मौका मिलते ही दोनों ने मिलकर खेत से आते समय महेंद्र सिंह की हत्या कर दी। एसओ ने बताया कि हत्या की शक की सुई पहले से सुनील पर ही थी। पूछताछ के दौरान उसने पुलिस को बताया था कि पिता की हत्या के समय वह अपनी ननिहाल गांव भूपालगढ़ी में था। जब सर्विलास के जरिए कॉल डिटेल निकलवाई गई तो सुनील की लोकेशन हरदोई और चंदियाना के आसपास दिखाई दी। इस पर पुलिस ने सुनील को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की तो उसने सारा राज थोड़ी ही देर में पुलिस के सामने उगल दिया।