युवक की मौत, हत्या की आशंका
जागरण संवाददाता, अलीगढ़ : ससुराल गए युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई, हालांकि परिजन बादशाह
जागरण संवाददाता, अलीगढ़ : ससुराल गए युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई, हालांकि परिजन बादशाह के शरीर पर चोट के निशान दिखाते हुए हत्या का आरोप लगा रहे हैं।
क्वार्सी क्षेत्र की गली नंबर तीन में रहने वाले पिंटू ने बताया कि 28 वर्षीय भाई बादशाह पुत्र सुलेमान पेशे से मेहनत मजदूरी करता था। शनिवार को वह मजदूरी करने के बाद अपने घर क्वार्सी आने के बजाय बीवी शाहीन का फोन आने पर बिहारी नगर स्थित ससुराल चला गया था। शाहीन नबाव की बीवी है। उसकी मौत होने के बाद शाहीन की शादी बादशाह के साथ करा दी गई थी। रात करीब साढ़े ग्यारह बजे बादशाह को शाहीन ने पेट दर्द की शिकायत बताकर मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया था, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पिंटू के अनुसार परिजन मेडिकल कॉलेज गए और शव को घर क्वार्सी ले आए। परिजनों के अनुसार बादशाह के शरीर पर चोट के कई निशान थे। आशंका व्यक्त की कि बादशाह को उसकी ससुराल में इतना पीटा गया कि वह मरणासन्न हो गया और उसे बहाने से मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहां उसकी मौत हो गई। सूचना क्वार्सी पुलिस को दी गई, मगर दो घंटे तक थाने से कोई नहीं आया तो परिजनों ने हंगामा कर दिया। बाद में पुलिस आ गई और घटना के बारे में जानकारी ली। एसओ क्वार्सी विनोद यादव का कहना है कि मौत की वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्पष्ट हो सकेगी।