सदमे में दो और किसानों की मौत
अलीगढ़ : जिले में फसलों की बर्बादी के सदमे में लगातार किसानों की मौतें हो रही हैं। रविवार को दो और क
अलीगढ़ : जिले में फसलों की बर्बादी के सदमे में लगातार किसानों की मौतें हो रही हैं। रविवार को दो और किसानों की मौत हो गई। दोनों किसान बारिश से बर्बाद हुई फसल को लेकर परेशान थे। जिले में फसलों की बर्बादी से अब तक 28 किसानों की मौत हो चुकी है।
खेत पर ही पड़ गया हार्टअटैक
गौंडा : क्षेत्र के गांव छोटी बल्लभ निवासी यशपाल सिंह (55) पुत्र राजाराम रविवार सुबह छह बजे खेत पर गए थे। खेत में आलू की खुदाई अभी तक नहीं हो पाई थी। गेहूं की फसल भी खेत खड़ी थी। इसे देख यशपाल सिंह को अटैक पड़ गया। खेत पर ही उनकी मौत हो गई। खेत की तरफ गए ग्रामीणों ने इसकी सूचना परिजनों को दी। भागे परिजन खेत पर पहुंचे और शव को उठाकर लाए। यशपाल के दो बेटे लोकेंद्र व धर्मेद्र हैं। इन पर 10 बीघा जमीन है। दोनों किसान हैं। ग्रामीणों के अनुसार 15 दिन पहले पड़ी बारिश व ओलावृष्टि से यशपाल की गेहूं व आलू की बर्बाद हो गई। इसके बाद से वे परेशान चल रहे थे।
गौंडा क्षेत्र के ही गांव निठावरी में रामगोपाल दास (56) पुत्र लीलादास की भी मौत हो गई। वे अपने खेत पर गेहूं की फसल काट रहे थे, तभी उन्हें हार्ट अटैक पड़ गया। उनकी मौके पर ही मौत हो गई। उनके पास मात्र तीन बीघा जमीन थी। रामगोपाल पर बैंक व गांव के लोगों का कर्ज था। रामगोपाल का बेटा डीके खेती करता है। किसान की मौत से पूरा परिवार बिखर गया है। ग्रामीणों का कहना था कि रामगोपाल बर्बाद हुई फसल को देखकर परेशान चल रहे थे। परिजनों ने उन्हें काफी समझाया था, मगर कर्ज की चिंता सता रही थी। सूचना के बाद भी कोई अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा।