ब्रज महोत्सव में बिखरे संस्कृति के रंग
जागरण संवाददाता, अलीगढ़ : नुमाइश में कोहिनूर मंच पर बुधवार रात वृंदावन के कलाकारों ने बृज संस्कृति क
जागरण संवाददाता, अलीगढ़ : नुमाइश में कोहिनूर मंच पर बुधवार रात वृंदावन के कलाकारों ने बृज संस्कृति के विविध रंग बिखेरे। भजनों व झांकियों के जरिये दर्शकों को भाव-विभोर कर दिया।
कान्हा एकेडमी के कलाकारों के विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों के बीच ब्रज महोत्सव मनाया गया। रात्रि साढ़े नौ बजे महोत्सव का उद्घाटन एडीएम सिटी अवधेश कुमार तिवारी ने किया। कलाकारों ने दीपक नृत्य प्रस्तुत कर आश्चर्यचकित कर दिया। चरकुला व जेहर नृत्य देखकर दर्शक मंत्रमुग्ध हो गए। मयूर नृत्य को भी दर्शकों ने काफी पसंद किया। महोत्सव में बांके बिहारी व इस्कान के राधा कृष्ण की झांकी आकर्षण का केंद्र रही। फूलों की होली व लट्ठमार होली ने दर्शकों को ब्रज के रस में डुबो दिया। बृज गायक रामेश्वर दयाल व गायिका शालिनी शर्मा ने कार्यक्रमों के बीच राधा-कृष्ण, भगवान गणेश, शिव शंकर आदि पर भजन सुनाकर लोगों को बांधे रखा। एकेडमी के संयोजक अनूप शर्मा ने ब्रज की संस्कृति पर प्रकाश डालकर दर्शकों को कार्यक्रम से जोड़ने में कोई कसर नहीं छोड़ी। कार्यक्रम संयोजक अरविंद सिंह ने अतिथियों व एकेडमी के कलाकारों का आभार जताया।