20 स्थानों पर हवन का दावा, प्रशासन का इन्कार
जागरण संवाददाता, अलीगढ़ : पुलिस-प्रशासन की चौकसी को धता बताकर धर्म जागरण समिति ने 20 स्थानों पर यज्ञ
जागरण संवाददाता, अलीगढ़ : पुलिस-प्रशासन की चौकसी को धता बताकर धर्म जागरण समिति ने 20 स्थानों पर यज्ञ किया। समिति के विभाग संयोजक सत्यप्रकाश नवमान का दावा है कि कार्यक्रमों में 100 से अधिक कार्यकर्ता शामिल हुए। वहीं, पुलिस-प्रशासन ने ऐसे किसी भी आयोजन से इन्कार किया है। राष्ट्र रक्षा यज्ञ व ¨हदू सम्मेलन के प्रस्तावित आयोजन स्थल माहेश्वर इंटर कॉलेज में फोर्स तैनात रही।
आगरा में धर्मातरण के बाद मचे बवाल पर अलीगढ़ में पुलिस-प्रशासन ने चौकसी बढ़ा दी थी। यहां पर भी 25 दिसंबर को धर्म जागरण समिति का घर वापसी का कार्यक्रम था। पुलिस-प्रशासन की सख्ती पर एक हफ्ता पहले समिति ने इस कार्यक्रम को स्थगित कर दिया था। पुलिस-प्रशासन ने पुलिस को हिदायत थी कि कहीं भी इस तरह के कार्यक्रम न होने दिए जाएं। जिस क्षेत्र में इस तरह के कार्यक्रम होंगे, वहां के थाना प्रभारी पर कड़ी कार्रवाई होगी। इसके बाद पुलिस ने सैकड़ों लोगों को पाबंद किया। गुरुवार को क्रिसमस-डे पर पुलिस-प्रशासन चौकस था। गिरजाघरों पर भी पुख्ता सुरक्षा की गई थी। गांवों में भी पुलिस की ऐसे कार्यक्रमों पर कड़ी नजर थी। धर्म जागरण समिति के विभाग संयोजक सत्यप्रकाश नवमान का दावा है कि पूरे जिले में 20 स्थानों पर यज्ञ के कार्यक्रम किए गए। खुद उन्होंने अचलताल स्थित रामलीला मैदान में हुए यज्ञ में आहुति दी। नवमान के अनुसार, इगलास के गांव असरोई, अहमदपर व अलीपुर समेत 20 गांवों में हवन किया गया।
वहीं, समिति के महानगर संयोजक ब्रजेश कंटक ने कहा कि वह जिले से बाहर हैं और उन्हें इस तरह के किसी कार्यक्रम की जानकारी नहीं है।
........
जिले में धर्मातरण संबंधी कोई कार्यक्रम नहीं हुआ। अचलताल पर भाजपा का हवन का कार्यक्रम था, जो पहले से ही घोषित था। अन्य किसी कार्यक्रम की बातें बेवजह की जा रही हैं।
- अवधेश तिवारी, एडीएम सिटी।
जिलेभर में चौकसी बरती गई। जगह-जगह पुलिस तैनात थी। कहीं किसी कार्यक्रम की सूचना नहीं है। अचलताल पर पहले से घोषित कार्यक्रम था। धर्मातरण पर ही रोक है। हवन पर रोक नहीं लगाई गई थी।
- जे. रविंद्र गौड़, एसएसपी।
रामलीला मैदान में भाजयुमो महानगर का पूर्व घोषित कार्यक्रम था। अटलजी का जन्म दिन धूमधाम से मनाया गया। उसमें सत्यप्रकाश नवमान भी शामिल हुए। अलग से कोई ऐसा कार्यक्रम नहीं था।
- मनोज शर्मा, महानगर अध्यक्ष, भाजुयमो।