हमलावरों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस दबिश
जागरण संवाददाता, अलीगढ़ : एएमयू छात्रसंघ सचिव शाहजेब अहमद पर फायरिंग करने के आरोपियों की तलाश में गु
जागरण संवाददाता, अलीगढ़ : एएमयू छात्रसंघ सचिव शाहजेब अहमद पर फायरिंग करने के आरोपियों की तलाश में गुरुवार रात सिविल लाइंस पुलिस ने गांधीपार्क क्षेत्र के बेगम गेस्ट हाउस में दबिश दी। पुलिस ने मौके पर मिलीं छह बाइक जब्त कर लीं, मगर कोई आरोपी नहीं मिला। फायरिंग के मामले में छह युवकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है।
शाहजेब अहमद अपने साथियों के साथ गुरुवार रात करीब एक बजे एएमयू परिसर में ही एसएस नॉर्थ हॉल में बैठे थे, तभी दो बाइकों पर आए युवकों ने उन पर फायरिंग की थी। हमले में वह बाल-बाल बचे थे। घटना की गुरुवार रात में ही सिविल लाइंस थाने में रिपोर्ट दर्ज करा दी गई थी। रिपोर्ट में मोहसिन इकबाल, जफर, शोएब, शोएब गजनबी, फराज, अजहर अंबानी को नामजद कराया गया था।
गुरुवार रात करीब ढाई बजे शाहजेब ने पुलिस को सूचना दी कि हमलावर शाहकमाल रोड स्थित बेगम गेस्ट हाउस में छिपे हैं। सिविल लाइंस थाना प्रभारी निरीक्षक कोमल सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम गेस्ट हाउस पहुंची। उधर, शुक्रवार रात करीब नौ बजे एएमयू के तमाम छात्र सिविल लाइंस थाने पहुंचे और हमलावरों को गिरफ्तार करने की मांग की।